कोरबा। ग्राम छिंदपुर में गोस्वामी परिवार के तत्वावधान में आयोजित श्रीमद् भागवत कथा के पंचम दिवस पर कथा व्यास पंडित प्रणव महाराज ने भक्तों को श्रीमद् भागवत कथा का श्रवण कराया। इस दौरान उन्होंने धर्म, आस्था और सनातन परंपराओं के महत्व पर विशेष प्रकाश डाला।
महाराज प्रणव जी ने अपने प्रवचन में कहा कि प्रत्येक सनातनी हिंदू मनुष्य को तिलक और शिखा धारण करनी चाहिए, क्योंकि तिलक धारण करने से मनुष्य के जीवन से विपत्तियाँ दूर होती हैं और माता लक्ष्मी की कृपा उस पर बनी रहती है। उन्होंने कहा कि तिलक न केवल आस्था का प्रतीक है, बल्कि यह धर्म और संस्कारों की पहचान भी है।

आगे उन्होंने बताया कि हिंदू धर्म में पूजा-पाठ के पूर्ण फल की प्राप्ति के लिए शिखा का होना आवश्यक है। बिना शिखा के किया गया पूजन अधूरा माना जाता है और उसका पूर्ण पुण्य फल प्राप्त नहीं होता। शिखा बंधन करके किया गया पूजन ही संपूर्ण और फलदायक होता है।
कथा के दौरान महाराज जी ने धर्म के प्रति जागरूकता और आचरण में सुधार हेतु अनेक उपदेश दिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में हर व्यक्ति को धर्म के प्रति सजग रहकर सनातन परंपराओं का पालन करना चाहिए।
इस अवसर पर गोस्वामी परिवार सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और कथा श्रवण का लाभ लिया। आयोजकों ने सभी भक्तों से धर्म के मार्ग पर चलने और समाज में धार्मिक एकता बनाए रखने का आह्वान किया।



