रांची ,07नवंबर । झारखंड पुलिस सेवा के इतिहास में शुक्रवार का दिन ऐतिहासिक रहा, जब तदाशा मिश्रा ने राज्य की पहली महिला पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के रूप में पदभार ग्रहण किया। उन्होंने अनुराग गुप्ता की जगह ली है, जिनकी ऐच्छिक सेवानिवृत्ति का आवेदन सरकार ने स्वीकृत कर लिया है।
पदभार ग्रहण के बाद डीजीपी तदाशा मिश्रा ने कहा कि फिलहाल उनकी पहली प्राथमिकता राज्य स्थापना दिवस (15 नवंबर) का शांतिपूर्ण और सुरक्षित आयोजन सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा, अभी मैंने पदभार ग्रहण किया है। पुलिस एक टीम वर्क से काम करती है, कोई अकेला कुछ नहीं कर सकता। मुझे एक बेहतरीन टीम मिली है और हम सब मिलकर सरकार के विजन को जमीन पर उतारेंगे।
मिश्रा ने आगे कहा कि बेसिक और कोर पुलिसिंग पर विशेष जोर दिया जाएगा। संगठित अपराध, नशा तस्करी और माओवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात कर राज्य में कानून व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा भी की।



