जबलपुर,07नवंबर। मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले में जमीन विवाद को लेकर बड़ा बवाल मच गया। खितौला थाना क्षेत्र के ग्राम झिंगरई में सरपंच पति की दबंगई का ऐसा वीडियो सामने आया है जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आरोप है कि सरपंच पति जितेंद्र पटेल अपने 8-10 हथियारबंद साथियों के साथ एक परिवार के घर में घुस गया और जमकर उत्पात मचाया।
जानकारी के अनुसार, जितेंद्र पटेल पुरानी जमीन को लेकर राजेंद्र पटेल से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में वह अपने साथियों के साथ राजेंद्र पटेल के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने के बाद तोड़फोड़ शुरू कर दी। जब परिवार ने विरोध किया तो उन्होंने लाठी-डंडों और हथियारों से हमला बोल दिया। इस मारपीट में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें गंभीर हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि हमले में एक महिला समेत कई लोग घायल हुए हैं।
ग्रामीणों का आरोप है कि हमलावरों ने न केवल मारपीट की बल्कि महिलाओं के साथ बदतमीजी भी की और घर में रखे करीब 50 हजार रुपये नकद और अन्य सामान लूट लिया। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है और लोग घरों में दुबके हुए हैं।
इस पूरे मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि हथियारबंद लोग घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट कर रहे हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आई और दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है। वहीं, गांव में तनाव का माहौल देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।



