कोरबा/कुसमुंडा,07नवंबर (वेदांत समाचार) । कुसमुंडा खदान में पिछले चार वर्षों से नीलकंठ इंफ्रा माइनिंग लिमिटेड द्वारा मिट्टी उत्खनन के साथ-साथ कोयला उत्खनन का कार्य पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ किया जा रहा है। कंपनी ने स्थानीय स्तर पर रोजगार उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। पाली, पड़निया, जटराज, सोनपुरी, बरकुटा, रिसदी, खोडरी, खैरभावना, बरपाली, गेवरा बस्ती सहित आसपास के क्षेत्रों के 825 से अधिक लोग नीलकंठ कंपनी में कार्यरत हैं। यह आंकड़ा इस बात का प्रमाण है कि कंपनी ने स्थानीय युवाओं को उनकी योग्यता और कुशलता के आधार पर रोजगार उपलब्ध कराया है।
हालांकि, इतने सकारात्मक कार्यों के बावजूद हाल के दिनों में कुछ लोगों द्वारा कंपनी की छवि खराब करने के प्रयास सामने आए हैं। आरोप है कि उत्पादन कार्यों में बाधा डालकर राष्ट्रहित में चल रहे कार्यों को अवरुद्ध करने की कोशिशें की जा रही हैं।
नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी –
नीलकंठ कंपनी ने स्पष्ट किया है कि कंपनी किसी भी प्रकार की डायरेक्ट भर्ती नहीं करती। सभी नियुक्तियां एसईसीएल कुसमुंडा कार्यालय द्वारा गठित समिति से प्राप्त सूची के आधार पर ही की जाती हैं। इच्छुक स्थानीय आवेदकों को पहले एसईसीएल कुसमुंडा कार्यालय में आवेदन जमा करना होता है।
दिनांक 28 अक्टूबर 2024 को एसईसीएल के महाप्रबंधक, एसडीएम कटघोरा, जनप्रतिनिधियों और कंपनी प्रतिनिधियों की सामूहिक बैठक में भी यह निर्णय लिया गया था कि भविष्य में होने वाली किसी भी नियुक्ति में 70% अवसर स्थानीय प्रभावित ग्रामों के युवाओं को और 30% कंपनी के विवेकानुसार दिए जाएंगे। नीलकंठ कंपनी इस व्यवस्था का पूर्ण रूप से पालन कर रही है।
कर्मचारियों के हित में कई सुविधाएं –
स्थानीय लोगों के बीच नीलकंठ कंपनी की लोकप्रियता का कारण है—
- समय पर वेतन भुगतान
- वेतन पर्ची और आई-कार्ड की उपलब्धता
- बोनस और राष्ट्रीय अवकाश वेतन
- सभी कर्मचारियों को सुरक्षा उपकरण
- निर्धारित 8 घंटे कार्य
- सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े कार्यों में सक्रियता
इन सभी सुविधाओं के कारण कंपनी स्थानीय युवाओं की पहली पसंद बनी हुई है।
कंपनी ने किया स्थानीय लोगों से आग्रह –
कंपनी के वाइस प्रेसिडेंट (माइनिंग) ने सभी स्थानीय निवासियों से अपील की है कि नियुक्ति के विषय में किसी भी प्रबंधक पर अनावश्यक दबाव न बनाएं। कंपनी केवल उन्हीं आवेदनों पर विचार करेगी, जिन्हें एसईसीएल कुसमुंडा कार्यालय द्वारा सत्यापित सूची के साथ भेजा जाएगा।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि डायरेक्ट भर्ती का अधिकार किसी भी प्रबंधक के पास नहीं है और न ही कोई बाहरी दबाव नियुक्ति प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।



