Vedant Samachar

धमतरी: आरक्षक (चालक) और ट्रेडमेन भर्ती के ट्रेड टेस्ट की तिथियां घोषित, 17 से 19 नवम्बर तक होगा आयोजन

Vedant Samachar
3 Min Read

धमतरी,06नवंबर (वेदांत समाचार) । छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर ने जिला पुलिस बल के आरक्षक संवर्ग में रिक्त पदों पर चल रही भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाते हुए आरक्षक (चालक) एवं आरक्षक (ट्रेडमेन) पदों के ट्रेड टेस्ट की तिथियां घोषित कर दी हैं। यह परीक्षा 17, 18 और 19 नवम्बर 2025 को रक्षित केन्द्र, धमतरी में आयोजित की जाएगी।

पुलिस मुख्यालय द्वारा 04 अक्टूबर 2023 को जारी भर्ती विज्ञापन के बाद अब इस चरण में पात्र अभ्यर्थियों को व्यावहारिक परीक्षा के माध्यम से अपनी दक्षता साबित करनी होगी। ट्रेड टेस्ट में इलेक्ट्रीशियन, टेलर, डी.आर., कुक, स्वीपर, धोबी, नाई एवं मोची सहित चालक और विभिन्न ट्रेडों के उम्मीदवार भाग लेंगे।

अधिकारियों के अनुसार चयन प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष रखा जाएगा। अभ्यर्थियों को समय पर निर्धारित केंद्र पहुंचने और आवश्यक दस्तावेज साथ लाने के निर्देश दिए गए हैं। परीक्षा का आयोजन राज्य के अन्य जिलों — रायपुर, धमतरी, दुर्ग, खैरागढ़, बिलासपुर, रायगढ़, अंबिकापुर, जगदलपुर और कोण्डागांव — में भी निर्धारित केंद्रों पर किया जाएगा।

ट्रेड टेस्ट क्या है?

ट्रेड टेस्ट एक महत्वपूर्ण व्यावहारिक परीक्षा है, जिसमें उम्मीदवार अपने संबंधित पेशे में वास्तविक कार्य कर अपनी क्षमता सिद्ध करते हैं। इस परीक्षा का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि चयनित अभ्यर्थी नौकरी के लिए आवश्यक तकनीकी दक्षता रखते हों।

एसपी धमतरी की अपील –

पुलिस अधीक्षक धमतरी ने युवा अभ्यर्थियों से परीक्षा में पूरी तैयारी के साथ शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह अवसर छत्तीसगढ़ पुलिस बल में शामिल होकर प्रदेश की सेवा करने का सुनहरा मौका है।

अभ्यर्थियों के लिए जरूरी निर्देश –

  • केवल पात्र उम्मीदवार ही ट्रेड टेस्ट में शामिल हो सकेंगे।
  • परीक्षा से संबंधित विस्तृत मार्गदर्शन रेंज पुलिस महानिरीक्षक कार्यालय से प्राप्त किया जा सकता है।
  • जिस जिले में PET दिया गया था, उसी जिले के पुलिस अधीक्षक कार्यालय से भी जानकारी ली जा सकती है।
  • अभ्यर्थी समय से पहले केंद्र पहुंचे, निर्धारित ड्रेस कोड का पालन करें और अनुशासन बनाए रखें।

यह भर्ती प्रक्रिया हजारों युवाओं के लिए रोजगार और पुलिस सेवा में शामिल होने का बड़ा अवसर लेकर आई है।

Share This Article