पति-पत्नी जान देना चाहते थे, पुलिस ने बचाया, काउंसलिंग के बाद एक हुए दंपती

इंदौर । बाणगंगा थाना पुलिस ने आपसी विवाद में जान देने वाले पति और पत्नी को रोका। इसके बाद उनकी काउंसलिंग की और फिर उनका समझौता कर विवाद खत्म कराया। टीआइ ने बताया कि शादी के चार महीने बाद ही पति-पत्नी के बीच विवाद काफी बढ़ गया। नाराज होकर पत्नी ने घर में फांसी लगाने की कोशिश की। मकान मालिक ने देख लिया तो उसे फंदे से उतारकर अस्पताल पहुंचाया। इसका पता चलने पर पति भी सुसाइड नोट लिखकर आत्महत्या करने के लिए निकल गया। समय रहते पुलिस ने उसे ढूंढा और उसे आत्महत्या करने से रोका। पति-पत्नी की काउंसलिंग कर पुलिस ने उनके बीच पारिवारिक विवाद को खत्म करवाया।

टीआइ राजेन्द्र सोनी के मुताबिक घटना 12 नवंबर शाम की है। क्षेत्र में रहने वाली अंजली (परिवर्तित नाम) घर में फांसी लगाने की कोशिश कर रही थी। मकान मालिक ने उसे देखा तो वह फंदे पर लटक रही थी, उसने शोर मचाया और घर का दरवाजा तोड़कर अन्य लोगों की मदद से महिला को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल ले गए।वहां से उसे एमवाय अस्पताल रेफर किया। घटना की जानकारी मिलने पर महिला का पति राजेश (परिवर्तित नाम) और स्वजन एमवाय अस्पताल आए। वे लोग उसे निजी अस्पताल ले गए।

अंजलि ने अपने बयान में बताया कि दहेज को लेकर पति और ससुराल वाले परेशान करते हैं। पति आए दिन मारपीट करता है। इससे दुखी होकर वह आत्महत्या करना चाहती थी। महिला के बयान के बाद पुलिस ने राजेश और उसके स्वजन के खिलाफ केस दर्ज किया। केस दर्ज होने का पता चलने पर 13 नवंबर को राजेश अचानक लापता हो गया। उसने घर पर एक पेज का सुसाइड नोट लिखकर छोड़ा था। इसमें उसने पत्नी और उसके परिवार के लोगों से परेशान होकर आत्महत्या की करने की बात लिखी। यह पत्र मिलने पर राजेश के पिता बाणगंगा थाने पहुंचे।

टीआई को पूरी घटना बताई और बेटे को बचाने की गुहार लगाई। राजेश की तलाश के लिए टीम तुरंत उसकी तलाश में रवाना हुई। उसका मोबाइल बंद था, मोबाइल की आखिरी लोकेशन घर के आसपास मिली। पुलिस क्षेत्र में राजेश की तलाश कर रही थी इसी बीच एक मिनट के लिए उसने अपना मोबाइल फोन चालू किया। पुलिस उसकी वर्तमान लोकेशन मिलते ही खोज शुरू की तो राजेश मिल गया। उसे तुरंत पुलिस अपने साथ थाने ले गई। थाने में उसके परिवार को बुलाया। स्वजन के सामने उसकी पुलिस ने काउंसलिंग की व समझाइश दी।

इसके बाद उसने कहा कि वह कोई गलत कदम नहीं उठाएगा। इसके बाद रविवार को अस्पताल में भर्ती महिला के पास पुलिस पति को लेकर पहुंची। यहां दोनों को समझाइश दी और विवाद खत्म कराया। साथ ही नए तरीके से जीवन शुरू करने की बात कही। पुलिस की समझाइश के बाद दोनों एक हुए और दोनों ने एक दूसरे के साथ खुश रहने का वादा किया।