Vedant Samachar

कार्तिक पूर्णिमा पर हरिद्वार में लगा जाम भीड़ का अनुमान नहीं लगा पाई पुलिस, नेशनल हाईवे में अटकी गाड़ियां

Vedant Samachar
2 Min Read

हरिद्वार,05नवंबर : हरिद्वार में कार्तिक पूर्णिमा और देव दीपावली के पावन पर्व पर गंगा स्नान के लिए लाखों श्रद्धालु हरिद्वार पहुंचे हैं। श्रद्धालुओं की इस भारी भीड़ ने पूरे शहर की रफ्तार थाम दी है। हरिद्वार की मुख्य सड़कों से लेकर नेशनल हाईवे तक जाम जैसे हालात बने हुए हैं।

दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से आ रहे वाहनों की लंबी कतारें हाईवे पर देखने को मिल रही हैं। गाड़ियां रेंग-रेंग कर चल रही हैं और कुछ स्थानों पर तो घंटों तक वाहन एक ही जगह पर फंसे दिखाई दे रहे हैं।

श्रद्धालुओं और यात्रियों को जहां इस भीषण जाम से परेशानी झेलनी पड़ रही है, वहीं पुलिसकर्मियों को भी स्थिति संभालने में भारी मशक्कत करनी पड़ रही है। जगह-जगह ट्रैफिक पुलिसकर्मी वाहनों को निकालने में जुटे हैं, लेकिन वाहन संख्या इतनी अधिक है कि जाम खुलने का नाम नहीं ले रहा।

हालांकि, पुलिस प्रशासन ने पहले से ट्रैफिक प्लान तैयार कर लागू भी किया था, लेकिन भीड़ का अनुमान कम पड़ गया। नतीजतन, ट्रैफिक प्लान भी नाकाफी साबित हो रहा है और यात्रियों को इससे कोई विशेष राहत नहीं मिल पा रही है।

गंगा घाटों पर उमड़े श्रद्धालु गंगा स्नान कर पुण्य अर्जित कर रहे हैं, लेकिन शहर की सड़कों पर फंसे लोग जाम से जूझते हुए परेशान दिखाई दे रहे हैं।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और अतिरिक्त बल तैनात किए गए हैं ताकि जल्द से जल्द यातायात व्यवस्था सामान्य की जा सके।

Share This Article