नई दिल्ली,05नवंबर : उत्तर भारत में अब जल्द ही कड़ाके की ठंड दस्तक देने वाली है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, देश के उत्तर-पश्चिमी इलाकों में पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो गया है। इसका असर जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में साफ दिखाई देगा। इन इलाकों में आने वाले कुछ दिनों में बारिश के साथ बर्फबारी होने की संभावना है।
पहाड़ी राज्यों में अलर्ट जारी
IMD ने 4 से 7 नवंबर तक पहाड़ी राज्यों के लिए आंधी-तूफान और गर्जन के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, बागेश्वर, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, मंडी, ऊना, शिमला, हमीरपुर, कांगड़ा, लाहौल-स्पीति और किन्नौर में बारिश के साथ बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
दक्षिणी राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी
बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र (Low Pressure Area) बनने से दक्षिण भारत के कई राज्यों में तेज बारिश का अनुमान है। मौसम विभाग ने महाराष्ट्र, कोंकण तट, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, त्रिपुरा, मिजोरम और नागालैंड के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। तमिलनाडु में आज भारी से बहुत भारी बारिश और आंधी-तूफान की संभावना जताई गई है।
दिल्ली में बढ़ा प्रदूषण, सांस लेना हुआ मुश्किल
दिल्ली-एनसीआर में हल्की बारिश के आसार हैं, लेकिन इससे प्रदूषण में राहत मिलती नहीं दिख रही। राजधानी में सुबह और शाम को ठंड महसूस होने लगी है, लेकिन आसमान में धुंध और स्मॉग की परत छाई हुई है। दिल्ली के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 के पार पहुंच गया है, जो गंभीर श्रेणी में आता है। हवा की गुणवत्ता खराब होने से लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी दिक्कतें हो रही हैं।
राजस्थान, पंजाब और हरियाणा में मौसम का हाल
मौसम विभाग ने राजस्थान के कुछ जिलों में हल्की बारिश और गरज-चमक का अलर्ट जारी किया है। जयपुर, भरतपुर, उदयपुर, अजमेर और कोटा जिलों में हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, अगले एक हफ्ते तक राजस्थान के ज्यादातर हिस्सों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हरियाणा और पंजाब में भी तेज हवाएं चलने और कुछ इलाकों में बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।
यूपी और बिहार में गिरेगा तापमान
पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तर प्रदेश और बिहार के मैदानी इलाकों में भी ठंड बढ़ने के आसार हैं। इन राज्यों में कोहरा छाने की संभावना है और रात का तापमान तेजी से नीचे जा सकता है। फिलहाल, बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया है, लेकिन मौसम शुष्क और ठंडा बना रहेगा।



