युवा हुए उत्साहित “जनमन” पत्रिका बनी प्रतियोगी परीक्षार्थियों के लिए बेहद उपयोगी संसाधन
कोरबा, 04 नवम्बर 2025/ छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना के रजत महोत्सव के अंतर्गत कोरबा के घंटाघर चौक स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर ओपन ऑडिटोरियम परिसर में तीन दिवसीय राज्योत्सव समारोह उत्साहपूर्वक आयोजित किया जा रहा है। उत्सव में विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उपलब्धियों पर आधारित प्रदर्शनी लगाई गई है, जहाँ नागरिकों को योजनाओं की सरल एवं सहज जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में जिला जनसंपर्क विभाग, कोरबा द्वारा स्थापित सूचना एवं प्रदर्शनी स्टॉल, आगंतुकों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
स्टॉल में कोरबा जिले के 25 वर्षों के विकास सफर, शासन की उपलब्धियों, नवाचारों एवं जनकल्याणकारी नीतियों की प्रभावी प्रस्तुति की गई है।

स्टॉल में शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना, जल जीवन मिशन के तहत घरों तक नल कनेक्शन, महतारी वंदन योजना के सकारात्मक प्रभाव, प्रधानमंत्री आवास योजना से आमजन को मिले आवासीय लाभ, सरकारी स्कूलों में युक्तियुक्तकरण एवं अतिथि शिक्षकों की नियुक्ति से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का विस्तार, तथा पहाड़ी कोरवा युवाओं के जीवन में रोजगार से आए परिवर्तन की प्रेरक कहानियाँ विशेष रूप से प्रदर्शित की गई हैं।
प्रदर्शनी में आने वाले आगंतुकों को मासिक पत्रिका “जनमन”, सुशासन तिहार 2025, सेवा समर्पण–सुशासन, नवाचार की पहल, तथा विकसित भारत के निर्माण में छत्तीसगढ़ की भूमिका विषयक जानकारीपूर्ण ब्रोशर, पाम्फलेट और पत्रिकाओं का वितरण किया जा रहा है।
सुश्री अदिति त्रिपाठी ने विशेष रूप से बताया कि जनमन पत्रिका उनके लिए अत्यंत उपयोगी है, क्योंकि इसमें शासन की योजनाओं, अवसरों एवं उपलब्धियों की समग्र जानकारी सरल भाषा में उपलब्ध है, जिससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में भी सहायता मिलती है।



