बिलासपुर में पति से तलाक कराया, फिर किया रेप, बोला- पत्नी से तलाक लेकर करूंगा शादी
बिलासपुर,04नवंबर (वेदांत समाचार) । छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक वकील महिला का केस लड़ते-लड़ते उसे अपना दिल दे बैठा। उसने महिला का उसके पति से तलाक कराया। इस दौरान दोनों के बीच प्यार हो गया, तब उसने शादी करने का झांसा देकर दुष्कर्म किया।
वकील ने उसे कहा कि, उसकी पत्नी से विवाद होता है। इसलिए उससे तलाक लेकर दोनों शादी करेंगे। लेकिन, बाद में वकील ने शादी करने से इनकार कर दिया। अब महिला की रिपोर्ट पर पुलिस ने वकील को गिरफ्तार कर लिया है। मामला सरकंडा थाना क्षेत्र का है।
जानिए क्या है पूरा मामला
दरअसल, सरकंडा इलाके की रहने वाली 26 वर्षीय महिला ने पुलिस को बताया कि, शादी के बाद उसका पति उसके साथ मारपीट करता था। पति के साथ उसके संबंध अच्छे नहीं थे। इसलिए उसने अपने पति से तलाक लेने के लिए न्यायालय में आवेदन किया था।
साल 2025 में ही केस लड़ने के लिए महिला ने सरकंडा के लतेल बाड़ा में रहने वाले वकील पवन अवस्थी से संपर्क किया। जिसके बाद वकील ने केस लड़ा। बाद में उसके पति से उसका तलाश हो गया।
केस लड़ते-लड़ते महिला को दिल दे बैठा वकील
महिला ने पुलिस को बताया कि, केस के सिलसिले में वो वकील से मिलने जाती थी, तब वकील ने उससे दोस्ती, फिर प्यार का इजहार किया। इसी दौरान उसने महिला से शादी करने का वादा कर शारीरिक संबंध बनाने लगा।
महिला से वकील बोला- पत्नी से तलाक लेकर करेगा शादी
बातचीत के दौरान वकील ने महिला को बताया कि, उसकी पत्नी के साथ उसका संबंध ठीक नहीं है। वह भी अपनी पत्नी से तलाक लेने वाला है। दोनों का तलाक हो जाने के बाद वह अपनी पत्नी को छोड़कर उससे शादी करेगा।
शादी के लिए दबाव बनाया तो की मारपीट
महिला ने पुलिस को यह भी बताया कि, जब उसने वकील प्रेमी पर शादी करने के लिए दबाव बनाने लगी, तब वकील उसे घूमाने लगा। बाद में उसने शादी करने से इनकार कर दिया। इस दौरान विवाद बढ़ने पर उसने महिला की पिटाई की और उसका मोबाइल तोड़ दिया।
जिससे परेशान होकर महिला ने 2 नवंबर को सरकंडा थाने में केस दर्ज करा दी। पुलिस ने वकील के खिलाफ दुष्कर्म, मारपीट और धमकी का केस दर्ज कर 3 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया है। फिलहाल, पुलिस मामले में आगे जांच कर रही है।



