नई दिल्ली : देशभर में 2000 रुपये के नोटों को लेकर RBI ने नया खुलासा किया है। बता दें कि 2000 रुपये के नोट एक बार फिर चर्चाओं में है। इसे लेकर रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने हाल ही में जानकारी दी कि नोटबंदी और उसके बाद की व्यवस्थाओं के करीब डेढ़ साल बीत जाने के बावजूद, लगभग 5817 करोड़ रुपये मूल्य के 2000 रुपये के नोट अब भी बैंकिंग सिस्टम में वापस नहीं आए हैं।
यह आंकड़ा तब सामने आया है जब अधिकांश लोग मान चुके थे कि ये नोट पूरी तरह से सिस्टम से बाहर हो गए हैं। RBI के मुताबिक, 19 मई 2023 को जब 2000 रुपये के नोटों को चलन से वापस लेने की घोषणा की गई थी, उस समय इनकी कुल राशि लगभग 3.56 लाख करोड़ रुपये थी। अब यह घटकर केवल 5817 करोड़ रुपये रह गई है, यानी लगभग 98.37% नोट बैंकिंग सिस्टम में लौट चुके हैं।
2000 रुपये का नोट अब भी कानूनी मुद्रा
RBI ने साफ किया है कि 2000 रुपये का नोट अभी भी कानूनी मुद्रा है और किसी भी लेनदेन में इसे स्वीकार किया जा सकता है। हालांकि, इन नोटों की छपाई बंद कर दी गई है और बैंक अब इन्हें दोबारा जारी नहीं कर रहे हैं।
नोट जमा करने की सुविधाएं
19 मई 2023 से RBI के 19 रीजनल ऑफिस में 2000 रुपये के नोट जमा करने या बदलने की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा, 9 अक्टूबर 2023 से यह प्रक्रिया और भी आसान हो गई, क्योंकि अब लोग इंडिया पोस्ट के जरिए भी अपने नोट किसी भी RBI कार्यालय में भेजकर अपने बैंक खाते में जमा कर सकते हैं। यह सुविधाएं अहमदाबाद, बेंगलुरु, बेलापुर, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, जम्मू, कानपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, नई दिल्ली, पटना और तिरुवनंतपुरम में उपलब्ध हैं।
कहां हो सकते हैं ये नोट
RBI के अनुसार, जिन नोटों की वापसी नहीं हुई है, वे ग्रामीण इलाकों या नकद-आधारित कारोबारों में फंसे हो सकते हैं। इसके अलावा, कुछ लोग इन नोटों को स्मृति या कलेक्शन आइटम के रूप में भी संभालकर रखे हुए हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि समय के साथ इन नोटों की वापसी की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी। RBI भी समय-समय पर इस पर अपडेट जारी करता रहेगा।



