रायपुर। अखंड ब्राह्मण समाज सेवा समिति की मासिक बैठक समिति के प्रदेश कार्यालय रायपुर में संपन्न हुई, जिसमें आगामी राष्ट्र स्तरीय वैवाहिक परिचय सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई। यह सम्मेलन 16 नवंबर 2025 को विप्र भवन, समता कॉलोनी, रायपुर में आयोजित किया जाएगा।
प्रदेश अध्यक्ष योगेश तिवारी ने बताया कि इस परिचय सम्मेलन में देशभर के ब्राह्मण समाज के युवक-युवती, विधवा एवं विधुर भाग लेंगे। अब तक लगभग 150 प्रतिभागियों का पंजीयन हो चुका है, जबकि कार्यक्रम तक 500 से अधिक पंजीयन होने की उम्मीद है।
उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ के अलावा मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा, उत्तरप्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों से भी प्रतिभागियों के पंजीयन प्राप्त हुए हैं। इस अवसर पर समाज के सभी वर्गों के लोग बिना किसी भेदभाव के अपने रिश्तेदारों सहित भाग ले सकेंगे और इच्छानुसार रिश्तों पर चर्चा कर सकेंगे।
सम्मेलन स्थल पर काउंसलिंग रूम की व्यवस्था की गई है, जहां इच्छुक पक्ष आपसी चर्चा कर सकेंगे। साथ ही कुंडली मिलान हेतु ज्योतिषाचार्य भी उपस्थित रहेंगे, जिससे उपयुक्त रिश्ता मिलने पर प्रारंभिक प्रक्रिया — जैसे परिचय, चर्चा एवं कुंडली मिलान — वहीं पर पूरी की जा सकेगी।
प्रदेश अध्यक्ष तिवारी ने बताया कि यह परिचय सम्मेलन पिछले नौ वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है, और अब तक कई जोड़ों का सफल वैवाहिक जीवन इसी मंच से शुरू हुआ है।
इच्छुक युवक-युवतियां इस कार्यक्रम में पंजीयन हेतु मोबाइल नंबर 9827110021 पर संपर्क कर सकते हैं।
बैठक में प्रतीक तिवारी, अवधेश दिवान, जितेंद्र पांडेय, अमित मिश्रा, प्रदीप मिश्रा, श्रीमती सुनीता तिवारी, श्रीमती निवेदिता मिश्रा, श्रीमती उमा तिवारी, श्रीमती सविता वीरेंद्र शर्मा, श्रीमती लक्की दुबे, अनिल दुबे, पराग मिश्रा, राकेश दुबे, श्रीमती मनोरमा त्रिपाठी, काव्य त्रिपाठी सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।
कार्यक्रम की जानकारी मीडिया प्रभारी पराग मिश्रा ने दी।
