Vedant Samachar

जांजगीर-चांपा पुलिस की बड़ी सफलता: लूट की वारदात को अंजाम देने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, एक नाबालिग भी शामिल…

Vedant Samachar
3 Min Read

जांजगीर-चांपा, 02 नवंबर। चांपा पुलिस ने लूट की वारदात का खुलासा करते हुए एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने प्रार्थी से मारपीट कर नगद राशि और मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम 2000 रुपये, एक मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।

प्रार्थी सोनू सिदार, निवासी मोहंदीखुर्द (शक्ति), ने थाना चांपा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह एडवांस कंप्यूटर शक्ति में सीसीटीवी कैमरा लगाने का कार्य करता है। 29 अक्टूबर 2025 को वह अपने दोस्त लक्षद्वीप के साथ बारात में शामिल होने चांपा आया था। दोपहर लगभग 2:30 से 3:00 बजे के बीच वह नया बस स्टैंड के पास स्थित शराब भट्टी में शराब खरीदने गया था, तभी तीन अज्ञात युवक मोटरसाइकिल से पहुंचे और मारपीट करते हुए उससे 3500 रुपये तथा उसके दोस्त लक्षद्वीप से एक मोबाइल लूटकर फरार हो गए। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध लूट का अपराध दर्ज कर जांच शुरू की।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय (IPS), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कश्यप तथा एसडीओपी चांपा यदुमणी सिदार के निर्देशन में तत्काल टीम गठित की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें तीन युवक एक बाइक में जाते दिखाई दिए।

फुटेज के आधार पर बाइक के नंबर की पहचान कर पुलिस ने शंकर नगर और भोजपुर क्षेत्र से एक नाबालिग सहित तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान प्रारंभ में आरोपियों ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन तकनीकी साक्ष्यों और सख्त पूछताछ में उन्होंने अपराध कबूल कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में रितिक सिंह पिता अजय सिंह उम्र 22 वर्ष निवासी भोजपुर चांपा, तुषार बरेठ पिता संतोष बरेठ उम्र 18 वर्ष निवासी शंकर नगर चांपा तथा एक नाबालिग शामिल है। आरोपी रितिक सिंह के पास से लूट की रकम 1000 रुपये, एक मोबाइल और मोटरसाइकिल, तुषार बरेठ से 500 रुपये तथा नाबालिग से 500 रुपये — इस तरह कुल 2000 रुपये बरामद किए गए। सभी आरोपियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की गई है।

इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता (थाना प्रभारी चांपा), उपनिरीक्षक बेलसज्जर लकड़ा, आरक्षक वीरेश सिंह, शंकर राजपूत, मुद्रीका दुबे और जय उरांव का विशेष योगदान रहा। पुलिस अधीक्षक ने टीम की तत्परता और कुशल जांच कार्य के लिए प्रशंसा की है।

Share This Article