Vedant Samachar

बेमेतरा पुलिस की सराहनीय पहल : CEIR पोर्टल के माध्यम से गुम हुए मोबाइल फोन बरामद, 06 मोबाइल मालिकों को लौटाई मुस्कान…

Vedant Samachar
3 Min Read

बेमेतरा, 01 नवंबर 2025। जिले में गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए बेमेतरा पुलिस द्वारा चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना खम्हरिया पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन पर थाना प्रभारी खम्हरिया निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा और उनकी टीम ने CEIR पोर्टल के माध्यम से अभियान चलाकर गुम हुए मोबाइल फोन खोज निकाले और उन्हें उनके वास्तविक मालिकों को सौंपा।

इस अभियान के अंतर्गत कुल 06 मोबाइल फोन विभिन्न स्थानों से बरामद किए गए, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग 60 हजार रुपये आंकी गई है। सभी मोबाइलों को सत्यापन उपरांत विधिवत रूप से संबंधित मालिकों को सुपुर्द किया गया। अपने खोए हुए मोबाइल वापस पाकर लोगों के चेहरों पर खुशी झलक उठी।

मोबाइल वितरण कार्यक्रम के दौरान मोबाइल स्वामियों ने बेमेतरा पुलिस के इस प्रयास की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि मोबाइल गुम हो जाने के बाद उन्हें दोबारा मिलने की कोई उम्मीद नहीं थी, लेकिन पुलिस की मेहनत और CEIR पोर्टल के माध्यम से उन्हें अपना मोबाइल वापस मिल गया, जिसके लिए उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू और थाना खम्हरिया पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह विशेष अभियान पुलिस महानिरीक्षक दुर्ग रेंज राम गोपाल गर्ग, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ज्योति सिंह, एसडीओपी बेरला विनय कुमार, प्रभारी एसडीओपी बेमेतरा कौशिल्या साहू तथा डीएसपी राजेश कुमार झा के मार्गदर्शन में चलाया गया। अभियान के तहत CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों और गुम मोबाइल रिपोर्ट का विश्लेषण कर त्वरित कार्रवाई की गई।

थाना प्रभारी खम्हरिया निरीक्षक चंद्रदेव वर्मा ने नागरिकों से अपील की कि यदि उनका मोबाइल फोन खो जाता है या चोरी हो जाता है तो वे तुरंत नजदीकी थाना, साइबर सेल या CEIR पोर्टल (www.ceir.gov.in) पर शिकायत दर्ज करें, ताकि मोबाइल की लोकेशन ट्रैक कर शीघ्र बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।

इस अभियान में प्रधान आरक्षक मोहित चेलक, आरक्षक लोकेश सिंह, विनोद सिंह राजपूत, लोकेश्वर साहू तथा थाना खम्हरिया और साइबर सेल की पूरी टीम का सराहनीय योगदान रहा। पुलिस की इस त्वरित और प्रभावी कार्रवाई से आम नागरिकों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

Share This Article