कवर्धा मामले को लेकर भाजपा कराना चा‍हती है न्यायिक जांच..

 रायपुर 12 नवंबर (वेदांत समाचार)। कवर्धा मामले को लेकर पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि कवर्धा मामले को यह सरकार हल्के में ले रही है। यह दुर्भाग्यजनक और शर्मनाक है। इस प्रदेश में दो तिहाई से भी ज्यादा जिनके वोटों से यह सरकार जीतकर आई है, उन्हीं का अपमान कर रही है। उनके साथ में अन्याय कर रही है और अत्याचार कर रही है।

भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकारवार्ता में अग्रवाल ने कहा कि भगवा ध्वज जो कि इस देश के स्वाभिमान का प्रतीक है। जो देश की आजादी की लड़ाई का प्रतीक है। ऐसे भगवा ध्वज का अपमान करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने की बजाए भगवा ध्वज के अपमान करने वाले लोगों का विरोध करने वाले लोगों को जेल में डाल रही है। इसके विरोध में भारतीय जनता पार्टी लगातार संघर्ष करती रहेगी, आंदोलन करती रहेगी। सरकार जब तक न्यायिक जांच आयोग की घोषणा नहीं करती है, विरोध जारी रहेगा।

अग्रवाल ने कहा कि दुर्गेश देवांगन ने जान पर खेलकर भगवा झंडा का अपमान करने वालों का मुकाबला किया। उसके पेट में चाकू से वार किया गया। उनकी पीठ पर अब भी निशान है। दुर्गेश ने मीडिया के सामने अपनी चोट को दिखाया। अग्रवाल ने कहा कि कवर्धा की घटना में सांसद संतोष पांडेय, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह और पूर्व विधायकों को अभियुक्त बनाया गया। सरकार वीडियो के आधार पर कार्रवाई का दावा कर रही है, तो उस वीडियो को सार्वजनिक किया जाए, जिसमें सांसद और पूर्व विधायक विवाद करते नजर आ रहे हैं।

अग्रवाल ने कहा कि जेल में बंद कार्यकर्ताओं की निशर्त रिहाई की जाए। सांसद संतोष पांडेय ने कहा कि पुलिस पक्षपात पूर्ण कार्रवाई कर रही है। बाहर से आए असामाजिक तत्वों को षड्यंत्रपूर्वक बसाया जा रहा है। एक वर्ग विशेष के लोगों के राशनकार्ड बनाए जा रहे हैं।

सांसद पांडेय ने कवर्धा जिले के उन स्थानों का भी जिक्र किया, जहां सरकार के संरक्षण में अवैध गतिविधियों में लिप्त लोगों को बसाने का काम किया जा रहा है। पूर्व मंत्री अजय चंद्राकर ने कहा कि सीएम के पास अगर कोई वीडियो है, तो उसके आधार पर कार्रवाई करें।