Vedant Samachar

एसईसीएल मुख्यालय में कोल इंडिया स्थापना दिवस और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस का संयुक्त आयोजन…

Vedant Samachar
2 Min Read

बिलासपुर,01 नवम्बर 2025। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में शनिवार को ‘51वां कोल इंडिया स्थापना दिवस’ एवं ‘25वां छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस’ के उपलक्ष्य में गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि निदेशक (तकनीकी/योजना एवं परियोजना) एन. फ्रैंकलिन जयकुमार और विशिष्ट अतिथि निदेशक (वित्त) डी. सुनील कुमार उपस्थित रहे। इस अवसर पर एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागाध्यक्ष, श्रमसंघ प्रतिनिधि, महिला कर्मचारी और बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए।

एन. फ्रैंकलिन जयकुमार ने अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में कोल इंडिया और छत्तीसगढ़ राज्य की विकास यात्रा पर प्रकाश डालते हुए कहा कि कोल इंडिया ने अपने स्थापना काल से ही देश को ऊर्जा आपूर्ति में अहम भूमिका निभाई है, वहीं छत्तीसगढ़ राज्य ने अपने सरल और कर्मठ निवासियों के बल पर बहुआयामी विकास की मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास में एसईसीएल का योगदान उल्लेखनीय है। गेवरा और कुसमुंडा जैसी विश्व की प्रमुख खदानें इसी धरती पर स्थित हैं, जो छत्तीसगढ़ की अपार संभावनाओं का प्रतीक हैं।

उन्होंने यह भी कहा कि एसईसीएल न केवल कोयला उत्पादन में अग्रणी है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में भी स्थानीय निवासियों के लिए अनेक सामाजिक कार्य कर रही है।

कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक, डॉ. भीमराव अम्बेडकर प्रतिमा और ‘खनिक प्रतिमा’ पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद कोल इंडिया का ध्वज फहराया गया। इस अवसर पर कोल इंडिया का कॉर्पोरेट गीत और छत्तीसगढ़ राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार’ प्रस्तुत किया गया।

छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक परंपरा के अनुरूप राज्य की माटी, मानचित्र, हल और धान की बाली की पूजा-अर्चना भी की गई। कार्यक्रम का संचालन शेख जाकिर हुसैन, मुख्य प्रबंधक (पर्यावरण) ने किया।

Share This Article