Vedant Samachar

हिमाचल में सुबह-सुबह भूकंप के हल्के झटके, इलाके में मची अफरा-तफरी…

Vedant Samachar
2 Min Read

शिमला,31अक्टूबर: हिमाचल प्रदेश के कई हिस्सों में शुक्रवार की सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के अनुसार, इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.2 मापी गई और इसका भूकंपीय केंद्र धरती की सतह से लगभग 10 किलोमीटर की गहराई में था।

भूकंप के झटके महसूस होते ही स्थानीय लोग अपनी सुरक्षा के लिए घरों से बाहर निकल आए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, शिमला और आसपास के क्षेत्रों में किसी प्रकार के जान-माल के नुकसान की खबर नहीं है।

भूकंप के प्रति संवेदनशील क्षेत्र

शिमला जिला भूकंप के दृष्टि से अत्यंत संवेदनशील जोन-5 में आता है। यही वजह है कि यहां समय-समय पर हल्के या मध्यम भूकंप के झटके महसूस किए जाते हैं। शिमला के साथ-साथ कांगड़ा, चंबा, किन्नौर और मंडी जिले भी उच्च संवेदनशीलता वाले क्षेत्र माने जाते हैं। खासकर चंबा जिले में जम्मू-कश्मीर की सीमा के पास भूकंप की गतिविधियाँ अक्सर दर्ज होती रहती हैं।

करीब दो महीने पहले भी चंबा में दो बार हल्के भूकंप के झटके दर्ज किए गए थे। पहली बार भूकंप की गहराई 20 किलोमीटर और दूसरी बार 10 किलोमीटर मापी गई थी।

इतिहास में दर्ज सबसे विनाशकारी भूकंप

हिमाचल प्रदेश के इतिहास में सबसे बड़े भूकंपों में से एक 4 अप्रैल 1905 को कांगड़ा जिले में आया। उस समय रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 6.6 मापी गई थी। इस आपदा में 20 हजार से अधिक लोगों की मौत हुई थी और हजारों घर धराशायी हो गए थे।

भूकंप विशेषज्ञों का कहना है कि हिमाचल जैसे संवेदनशील क्षेत्रों में समय-समय पर हल्के झटके महसूस होना सामान्य है, लेकिन सतर्क रहना हमेशा जरूरी है।

Share This Article