Vedant Samachar

जम्मू में पशु तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार, वाहन जब्त…

Vedant Samachar
2 Min Read

जम्मू,30अक्टूबर : जम्मू पुलिस ने ऑपरेशन कामधेनु के तहत मवेशी तस्करी के खिलाफ एक और बड़ी सफलता हासिल की है। आपको बता दें कि पुलिस ने मणवाल क्षेत्र में तस्करी की कोशिश को नाकाम करते हुए एक वाहन से 14 मवेशियों को मुक्त कराया है। यह कार्रवाई झज्जर कोटली थाने और मणवाल पुलिस चौकी की संयुक्त टीम ने अंजाम दी।

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने किशनपुर के पास एक नाका लगाया हुआ था, इसी दौरान एक संदिग्ध वाहन (नंबर JK08N-4050) को रोका गया। जब वाहन की तलाशी ली गई तो उसमें 14 मवेशी अवैध रूप से ले जाए जा रहे थे। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी मवेशियों को सुरक्षित बचा लिया और वाहन को जब्त कर लिया।

वाहन चालक की पहचान दानिश बट, पुत्र मोहम्मद अब्बास बट, निवासी वल्टिंगो, कुलगाम (कश्मीर) के रूप में हुई है। आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक जांच से पता चला है कि मवेशियों को अवैध रूप से दूसरे जिलों में पहुंचाने की योजना बनाई गई थी।

इस मामले में पुलिस ने एफआईआर नंबर 126/2025 दर्ज की है। आरोपी के खिलाफ धारा 223 बीएनएस और धारा 11 पशु क्रूरता निवारण अधिनियम (PCA Act) के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन कामधेनु के तहत मवेशी तस्करी पर सख्त निगरानी रखी जा रही है और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी मवेशी तस्करी की सूचना मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे अपराधों पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।

Share This Article