रायगढ़,31अक्टूबर(वेदांत समाचार) । रायगढ़ जिले की घरघोड़ा पुलिस ने अवैध गांजा तस्करी पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 250 किलो गांजा जब्त किया है, जिसकी कीमत लगभग 18 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है, जो गांजे के पैकेटों को हुंडई सैंटाफ़ी कार (CG 29 AH 2077) की सीटों और डिक्की में छिपाकर परिवहन कर रहा था।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की नाकेबंदी
30 अक्टूबर की शाम पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक सफेद रंग की कार रायगढ़ से लैलूंगा की ओर बड़ी मात्रा में गांजा लेकर जा रही है। सूचना मिलते ही एसपी दिव्यांग पटेल के निर्देशन और थाना प्रभारी कुमार गौरव के नेतृत्व में टीम ने लैलूंगा रोड पर थाने के सामने बेरिकेडिंग कर नाकेबंदी शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध कार दिखी। पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया तो चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर मौके पर ही पकड़ लिया।
कार से मिला 250 किलो गांजा
आरोपी की पहचान संतोष दास (26 वर्ष), निवासी ग्राम चीताबहारी, जिला सरगुजा के रूप में हुई। कार की तलाशी लेने पर बीच की सीट से लेकर डिक्की तक 250 पैकेट गांजा बरामद हुआ, प्रत्येक पैकेट में लगभग 1 किलो गांजा भरा हुआ था। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह गांजा ओडिशा के सोनपुर से अंबिकापुर ले जा रहा था। वह परिवहन से संबंधित कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
पुलिस ने मौके पर ही कुल 250 किलो गांजा (मूल्य ₹18,02,500) और वाहन को जप्त कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
थाना प्रभारी कुमार गौरव ने बताया कि आरोपी से पूछताछ जारी है, और पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।



