Vedant Samachar

भारत-अमेरिका के बीच 10 साल की डिफेंस डील पक्की

Vedant Samachar
2 Min Read

नई दिल्ली,31अक्टूबर । मलेशिया में 12वें आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक-प्लस (एडीएमएम-प्लस) का आयोजन हो रहा है। इस मौके पर भारत के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह मलेशिया पहुंचे हुए हैं। मलेशिया में राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को कुआलालंपुर में अमेरिकी युद्ध सचिव पीटर हेगसेथ के साथ बैठक की। आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक सुरक्षा को लेकर बहुपक्षीय चर्चा का प्लेटफॉर्म है। ऐसे में रक्षा मंत्री सिंह और हेगसेथ के बीच यह बैठक बहुपक्षीय सुरक्षा मंच में भाग लेने वाले रक्षा नेताओं के बीच चर्चाओं की शृंखला के एक भाग के रूप में हो रही है। भारतीय रक्षा मंत्री ने मुलाकात की तस्वीरें साझा कर एक्स पर लिखा, कुआलालंपुर में पीटर हेगसेथ के साथ एक उपयोगी बैठक हुई। हमने 10 साल के ‘अमेरिका-भारत प्रमुख रक्षा साझेदारी की रूपरेखा’ पर हस्ताक्षर किए। यह हमारी पहले से ही मजबूत रक्षा साझेदारी में एक नए युग की शुरुआत करेगा। यह रक्षा रूपरेखा भारत-अमेरिका रक्षा संबंधों के संपूर्ण आयाम को नीतिगत दिशा प्रदान करेगी।

ये भी पढ़ें

उन्होंने आगे लिखा कि रक्षा हमारे द्विपक्षीय संबंधों का एक प्रमुख स्तंभ बना रहेगा। एक स्वतंत्र, खुले और नियम आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र को सुनिश्चित करने के लिए हमारी साझेदारी महत्वपूर्ण है।

इससे पहले, हेगसेथ ने अपने मलेशियाई और चीनी समकक्षों के साथ अलग-अलग बैठकें कीं। चीनी रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जून के साथ अपनी बातचीत की जानकारी साझा करते हुए हेगसेथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया, आज, मैंने आसियान रक्षा मंत्रियों की बैठक के दौरान चीन के राष्ट्रीय रक्षा मंत्री एडमिरल डोंग जून से मुलाकात की। यह एक अच्छी और रचनात्मक बैठक थी। मैंने हिंद-प्रशांत क्षेत्र में शक्ति संतुलन बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला और दक्षिण चीन सागर, ताइवान के आसपास और हिंद-प्रशांत क्षेत्र में अमेरिकी सहयोगियों और साझेदारों के प्रति चीन की गतिविधियों के बारे में अमेरिकी चिंताओं पर जोर दिया।

Share This Article