Vedant Samachar

रायपुरवासियों के लिए खुशखबरी: 15 नवंबर तक मुफ्त में मिलेगा नल कनेक्शन, 24 घंटे पानी सप्लाई योजना का उठाएं लाभ…

Vedant Samachar
2 Min Read

रायपुर,31अक्टूबर (वेदांत समाचार)। राजधानी में रहने वाले उन परिवारों के लिए खुशखबरी है जो अपने घरों में 24 घंटे पानी की सप्लाई चाहते हैं। रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा 24×7 जलप्रदाय योजना के अंतर्गत निःशुल्क नल कनेक्शन के लिए आवेदन शुरू कर दिए गए हैं। इच्छुक नागरिक 15 नवंबर तक इस योजना का लाभ उठा सकते हैं।

स्मार्ट सिटी लिमिटेड की ओर से बताया गया है कि मोतीबाग और गंज मंडी टंकी से 24 घंटे पानी सप्लाई की योजना के तहत अब तक लगभग सभी घरों में कनेक्शन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब भी 2,865 घर ऐसे हैं जिनमें नल कनेक्शन नहीं लगाया गया है। इन घरों के लिए 15 नवंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा।

जोन-4 कमिश्नरी के अध्यक्ष मुरली शर्मा ने बताया कि फिलहाल योजना के अंतर्गत दो बार पानी की सप्लाई हो रही है, लेकिन जल्द ही मोतीबाग टंकी से तीन बार पानी सप्लाई की व्यवस्था शुरू की जाएगी।

स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा गंज कमांड एरिया में रमण मंदिर, इंदिरा गांधी, हवलदार अब्दुल हमीद, तात्यापारा, शहीद चूडामणि नायक और स्वामी आत्मानंद वार्ड शामिल हैं। वहीं मोतीबाग कमांड एरिया में महंत लक्ष्मीनारायण दास, ब्राम्हण पारा, स्वामी विवेकानंद सदर बाजार, मौलाना अब्दुल रऊफ, सिविल लाइन, शहीद ब्रिगेडियर उस्मान, विपिन बिहारी सूर और महामाया मंदिर वार्ड में जल आपूर्ति की जा रही है।

रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड ने बताया कि 15 नवंबर तक योजना के अंतर्गत निःशुल्क नल कनेक्शन दिए जाएंगे। इसके बाद नए आवेदनों पर निर्धारित शुल्क जमा करने के बाद ही कनेक्शन प्रदान किया जाएगा। इच्छुक नागरिक निर्धारित तिथि तक रायपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड कार्यालय, नगर निगम जोन कार्यालय या अपने वार्ड पार्षद से संपर्क कर आवेदन कर सकते हैं।

Share This Article