देश में बड़ी लीकर कंपनियों में से एक और मैजिक मॉमेंट्स और 8PM जैसे ब्रांड बनाने वाली कंपनी रेडिको खेतान के लिए सितंबर तिमाही किसी सुनहरे सपने से कम नहीं है. कंपनी ने दूसरी तिमाही में जबरदस्त प्रॉफिट बनाया है. आंकड़ों पर बात करें तो कंपनी को इस तिमाही में करीब 140 करोड़ रुपए का प्रॉफिट हुआ है. वहीं दूसरी ओर कंपनी का रेवेन्यू दूसरी तिमाही में 5 हजार करोड़ रुपए को पार कर गया है. जानकारों की मानें तो तीसरी तिमाही में ये आंकड़े और भी काफी अच्छे देखने को मिल सकते हैं. इसका कारण भी है. तीसरी तिमाही में शराब की बिक्री में काफी अच्छा इजाफा देखने को मिले हैं. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर इस दूसरी तिमाही में किस तरह के आंकड़े देखने को मिले हैं.
तिमाही नतीजों में बेहतरीन आंकड़े
शराब बनाने वाली कंपनी रेडिको खेतान लिमिटेड का जुलाई-सितंबर तिमाही में एकीकृत शुद्ध लाभ 73 प्रतिशत बढ़कर 139.56 करोड़ रुपए हो गया. कंपनी का पिछले वर्ष जुलाई-सितंबर तिमाही में मुनाफा 80.66 करोड़ रुपए रहा था. वहीं दूसरी ओर कंपनी के रेवेन्यू में काफी अच्छी बढ़ोतरी देखेन को मिली है और आंकड़ा 5 हजार करोड़ रुपए का आंकड़ा पार किया है. रेडिको खेतान ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि समीक्षाधीन तिमाही में उसकी परिचालन आय 5,056.72 करोड़ रुपए रही जबकि एक साल पहले इसी अवधि में यह 3,906.59 करोड़ रुपये थी. कंपनी का कुल व्यय जुलाई-सितंबर तिमाही में सालाना आधार पर 3,795.84 करोड़ रुपए से बढ़कर 4,872.75 करोड़ रुपए हो गया. रेडिको खेतान के चेयरमैन एवं एमडी ललित खेतान ने कहा कि हमने कंज्यूमर और मार्केट पार्टिसिपेशन को गहरा करते हुए मजबूत ऑपरेशनल प्रॉफिट हासिल किया है.
कंपनी के शेयरों में गिरावट
वहीं दूसरी ओर मार्केट सेंटीमेंट काफी नेगेटिव देखने को मिल रहा है. यही कारण है कि अच्छे नतीजे आने के बाद भी कंपनी के शेयरों में गिरावट देखने को मिल रही है. बीएसई के आंकड़ों के अनुसार रेडिको खेतान का शेयर दोपहर एक बजे करीब 16 रुपए यानी 0.50 फीसदी की गिरावट के साथ 3,148.10 रुपए पर कारोबार कर रहा था. वैसे कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी का शेयर 3,133.80 रुपए के साथ दिन के लोअर लेवल पर भी पहुंच गया. वैसे कंपनी का शेयर तेजी के साथ 3,175.20 रुपए पर ओपन हुआ था. जबकि एक दिन पहले कंपनी का शेयर 3,163.80 रुपए पर बंद हुआ था.



