Vedant Samachar

कोरबा में नर्सिंग कॉलेज की प्रक्रिया अटकी, जमीन आवंटन में देरी से निर्माण पर ब्रेक,भुलसीडीह में 3 एकड़ जमीन चिन्हित, शासन को भेजी जा चुकी है रिपोर्ट

Vedant samachar
2 Min Read

कोरबा,30 अक्टूबर 2025। प्रदेश में तीन वर्ष पूर्व कोरबा, कांकेर और महासमुंद में नए मेडिकल कॉलेज की स्थापना की गई थी। इसके बाद चिकित्सा शिक्षा विभाग ने एक वर्ष पश्चात नई गाइडलाइन जारी करते हुए तीनों जिलों में 100-100 सीटों वाले सरकारी नर्सिंग कॉलेज खोलने की मंजूरी प्रदान की थी।

मंजूरी के बाद विभाग ने नर्सिंग कॉलेजों के लिए उपयुक्त भूमि की तलाश प्रारंभ की। कोरबा में इस कार्य की जिम्मेदारी अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. अविनाश मेश्राम को नोडल अधिकारी के रूप में सौंपी गई थी। उन्होंने टीम के साथ निरीक्षण कर भुलसीडीह स्थित निर्माणाधीन मेडिकल कॉलेज कैंपस के समीप लगभग 3 एकड़ भूमि चिन्हित की और उसका प्रस्ताव शासन को भेज दिया था।

हालांकि, प्रस्ताव भेजे जाने के बावजूद अब तक भूमि का औपचारिक आवंटन नहीं हो पाया है। जमीन आवंटन की प्रक्रिया अटकने से कोरबा में नर्सिंग कॉलेज की स्थापना की दिशा में आगे की कार्यवाही भी ठप पड़ी हुई है।

नोडल अधिकारी डॉ. अविनाश मेश्राम ने बताया कि कोरबा में 100 सीटर नर्सिंग कॉलेज के लिए भुलसीडीह में जमीन चिन्हित कर शासन को रिपोर्ट भेजी जा चुकी है। भूमि आवंटन की प्रक्रिया पूर्ण होते ही आगे की कार्रवाई प्रारंभ की जाएगी।

Share This Article