तीन दिन पहले जयपुर आई महिला का अपहरण कर किया गैंगरेप ..

हरियाणा 08 नवंबर (वेदांत समाचार)। गुरुग्राम से तीन दिन पहले जयपुर आई महिला का अपहरण कर गैंगरेप करने का मामला सामने में आया है। महिला का गैंगरैप उसकी सहेली के दोस्तों ने ही किया है। सहेली ने ही उसे आरोपियों की कार में बैठाया था। सहेली के सामने भी उसके साथ दुष्कर्म किया गया। कुछ दूर आगे जाकर सहेली कार से उतर गई। उसके बाद आरोपियों ने फिर गैंगरेप किया।

बेहोशी की हालत में बस चालक ने महिला को दौसा में देखा। 7 नवंबर की देर रात उसने मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस जयपुर से लेकर दौसा तक आरोपियों की तलाश में जुटी है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

30 साल की महिला ने पुलिस को बताया कि वह 5 नवम्बर को अपनी सहेली से मिलने गुरुग्राम से जयपुर आई थी। पांच नवम्बर को सुबह बस से ट्रांसपोर्ट नगर पहुंची थी। उसने आगरा रोड पर रहने वाली अपनी सहेली को फोन किया। फोन करने के बाद सहेली का दोस्त बाइक से महिला को लेने आया। उसने युवती को उसकी सहेली के घर छोड़ दिया।

पांच तारीख से लेकर सात तारीख तक वह अपनी सहेली के साथ ही रही। उसने सहेली को वापस गुरुग्राम जाने के लिए बोला। पहले तो सहेली ने उसे जाने के लिए मना किया। जिद करने पर वह तैयार हो गई।

सहेली ने उसे बस तक छोड़ने के नाम पर एक कार में बैठा लिया। कार में सहेली का दोस्त और दो अन्य लड़के भी थे। बस स्टैंड ले जाने की बजाय आरोपी महिला को कहीं ओर ले जाने लगे। महिला ने कार में विरोध किया। चारों ने उसे कार से उतरने नहीं दिया। उसे कार में ही चुपचाप बैठे रहने की धमकी दी। कुछ दूरी पर एक युवक रास्ते में मिला। उसे भी कार में बैठा लिया। फिर वे कार को दौसा की तरफ ले गए। वह डर के कारण कार में चुपचाप बैठी रही।

दौसा से पहले सहेली कार से उतरी


युवती ने बताया कि सहेली के सामने आरोपियों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। दौसा पहुंचने से कुछ ही देर पहले उसकी सहेली कार से उतर गई। उसके बाद कार में बैठे चारों युवकों ने शराब पी और पीड़िता के साथ अश्लील हरकतें करने लग गए। चलती कार में ही उसके साथ गैंगरेप किया। फिर दौसा में एक सुनसान जगह पर कार को रोक कर गैंगरेप किया।

महिला कार से निकल कर भागी तो चारों युवक कार लेकर भाग गए। दौसा से पहले बिजौरी बाईपास पर एक बस चालक ने महिला को बेहोशी की अवस्था में देखा। फिर पुलिस को सूचना दी। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया। दौसा महिला थाना में गैंगरैप का मामला दर्ज किया गया है, फिलहाल किसी की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।

6 महीने पहले पति से तलाक
जांच में पता लगा कि महिला का 6 महीने पहले पति से तलाक हो चुका है। उसके दो बच्चे भी हैं। वह गुरुग्राम में बहन के साथ ही रहती है। दोनों बच्चों को बहन के पास ही छोड़कर जयपुर आई थी। पुलिस ने महिला का मेडिकल करा लिया है। उसका बयान भी दर्ज हो गया है।