Vedant Samachar

CG NEWS : खेत में सिंचाई के दौरान करंट की चपेट में आकर एक युवक और 12 वर्षीय मासूम की मौत

Vedant samachar
2 Min Read

रायगढ़, 28 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। जिले के लैलूंगा थाना क्षेत्र से एक हृदय विदारक खबर सामने आई है, जहाँ आलू की फसल में पानी देते समय करंट लगने से दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। मृतकों में एक 25 वर्षीय युवक और एक 12 वर्षीय किशोर शामिल है। यह सनसनीखेज घटना ग्राम मुड़पारा की है। जानकारी के मुताबिक, मृतक निर्मल नागवंशी (25 वर्ष) पिता जगत राम नागवंशी और शिवा नागवंशी (12 वर्ष) पिता हेमसागर नागवंशी, कल 27 अक्टूबर को अपने खेत में आलू की फसल को पानी दे रहे थे। बताया जाता है कि उन्होंने डबरी से पानी निकालने के लिए पनडुब्बी मोटर पंप चलाया था, जिसके लिए बिजली का अस्थायी कनेक्शन किया गया था।

जानकारी के अनुसार, आलू के खेत में पानी सिंचाई के दौरान अचानक बिजली का बोर्ड जमीन पर गिर गया। जैसे ही निर्मल नागवंशी उसे उठाने के लिए झुका, वह सीधे हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गया और तड़पने लगा। इस दृश्य को देखकर शिवा नागवंशी उसे बचाने की कोशिश में बिना सोचे-समझे उसकी तरफ बढ़ा। लेकिन, अफसोस! शिवा भी करंट की चपेट में आ गया। करंट का झटका इतना जबरदस्त था कि दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।  चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

घटना की सूचना मिलते ही लैलूंगा पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है और घटना के सही कारणों की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। इस भयावह और दुखद हादसे के बाद पूरे मुड़पारा गाँव में मातम पसरा हुआ है। एक साथ दो जिंदगियां गंवा देने वाले इस परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

Share This Article