प्रभु श्रीराम जी की विकृत प्रतिमा बदले जाने की मांग को लेकर राष्ट्रीय बजरंग दल पर्यटन विभाग का करेंगे घेराव..

रायपुर 08 नवंबर (वेदांत समाचार)। छत्‍तीसगढ़ में माता कौशल्या मंदिर चंदखुरी में स्थित प्रभु श्रीराम जी की विकृत प्रतिमा बदले जाने की मांग को लेकर डाक्‍टर प्रवीण तोगड़िया की टीम राष्ट्रीय बजरंग दल रायपुर सोमवार आठ नवंबर दोपहर 3 बजे पर्यटन विभाग के संचालक का घेराव करेगी। राष्ट्रीय बजरंग दल रायपुर शहर अध्यक्ष भीम साहू और ग्रामीण जिला अध्यक्ष भुनेश्वर सेन के नेतृत्व में यह घेराव प्रदर्शन किया जाएगा। यह जानकारी अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद छत्तीसगढ़ प्रांत महामंत्री दीपक दुबे ने जारी एक प्रेस विज्ञप्ति में दी है।दुबे ने कहा कि सरकार की कोई भी एजेंसी अपने विभाग के लिए टेबल कुर्सी भी उसकी गुणवत्ता देखकर निविदा स्वीकृत करती है जबकि करोड़ों हिन्दुओं के आराध्य प्रभु श्री राम जी की प्रतिमा स्वीकृत करने से पहले हिन्दुओं की धार्मिक आस्था का ख्याल नहीं रखा गया।

सरकार ने जल्दबाजी में प्रभु श्रीराम जी की विकृत प्रतिमा स्थापित कर दी है। राष्ट्रीय बजरंग की मांग है कि करोड़ों हिन्दुओं के दिलों में विराजित भगवान राम का सौम्य और वास्तविक स्वरूप स्थापित किया जाए। यदि पर्यटन विभाग हिन्दुओं की धार्मिक भावनाओं के मद्देनजर प्रतिमा नहीं बदलता है तो राष्ट्रीय बजरंग दल जिम्मेदार अधिकारियों के मुंह में कालिख पोतने सहित समुचे प्रांत में उग्र आंदोलन करेगा।

आयुर्वेद कालेज में राष्ट्रीय कार्यशाला सोमवार से

शासकीय आयुर्वेद कालेज, रायपुर में आयुर्वेद सतत चिकित्सा शिक्षा पर छह दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला का आयोजन किया गया है। यहां पदस्थ काय चिकित्सा विभाग की विभागाध्यक्ष डाक्टर अरुणा ओझा ने बताया कि 11 राज्यों के विभिन्न आयुर्वेद कालेज के 30 से अधिक चिकित्सा प्राध्यापक हिस्सा लेंगे। विशेषज्ञों का दल सात नवंबर को रायपुर पहुंचेगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से पांच बजे के बीच होंगे।

इसमें प्रतिदिन चार व्याख्यान रखे गए हैं। विशेष रूप से हृदय रोग, क्रोनिक किडनी डिसीज, डिसलिपीडीमिया, उदर संबंधी विकार, मानसिक रोग जीवनशैली जन्य रोग, आटोइम्यून व्याधियां, जराचिकित्सा आदि के संबंध में देश के बड़े संस्थानों से आमंत्रित विषय विशेषज्ञ व्याख्यान देंगे। कुल 24 व्याख्यानों के साथ प्रतिभागियों को शासकीय फार्मेसी, स्थानीय डीटीएल और परिसर स्थित औषधीय उद्यान का भ्रमण भी कराया जाएगा। यह कार्यक्रम भारत सरकार के आयुष मंत्रालय नई दिल्ली व राष्ट्रीय आयुर्वेद विद्यापीठ द्वारा आयोजित है।