रायपुर,28अक्टूबर (वेदांत समाचार) । नवा रायपुर में निर्मित छत्तीसगढ़ विधानसभा का भवन केवल खूबसूरत इमारत नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और परंपरा का वाहक है। नए विधानसभा भवन को वर्तमान और भविष्य की जरूरत के हिसाब से बनाया गया है। आधुनिक, सर्वसुविधायुक्त, सुसज्जित सदन को 200 सदस्यों के बैठने के लिए विस्तारित किया जा सकता है। भविष्य में पेपरलेस विधानसभा संचालित हो सके, इसके लिए जरुरी व्यवस्थाओं और तकनीकों का समावेश किया गया है। यह कहना है उप मुख्यमंत्री अरुण साव का।
51 एकड़ परिसर में विधानसभा का नया भवन
राज्योत्सव के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नवीन विधानसभा भवन का लोकार्पण करेंगे। लोकार्पण से पूर्व उप मुख्यमंत्री साव ने विधानसभा का निरीक्षण किया। नवा रायपुर के सेक्टर-19 में मंत्रालय (महानदी भवन) और विभागाध्यक्ष कार्यालय (इंद्रावती भवन) के पीछे 51 एकड़ परिसर में विधानसभा का नया भवन बनाया गया है।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी करेंगे लोकार्पण
उप मुख्यमंत्री साव ने नवीन विधानसभा परिसर में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी बाजपेयी की मूर्ति के अनावरण स्थल, विधानसभा के सदन और मंचीय कार्यक्रम के स्थल का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साव ने कहा कि 1 नवम्बर का दिन छत्तीसगढ़ के लिए ऐतिहासिक होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी विधानसभा के नए भवन को छत्तीसगढ़ की जनता को समर्पित करेंगे। नया राज्य बनने के बाद वर्ष 2000 में रायपुर के राजकुमार कॉलेज से शुरू हुए छत्तीसगढ़ विधानसभा को 25 वर्षों के बाद रजत जयंती वर्ष में खुद का भव्य और आधुनिक भवन मिलने जा रहा है।



