Vedant Samachar

KORBA:हसदेव नदी तट पर उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ — उगते सूर्य को अर्घ्य देकर संपन्न हुआ छठ महापर्व

Vedant samachar
4 Min Read

कोरबा,28 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ का मंगलवार को चौथा और अंतिम दिन रहा। बीती शाम श्रद्धालुओं ने डूबते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का तीसरा चरण पूरा किया, वहीं बुधवार की सुबह जीवनदायिनी हसदेव नदी के तट पर हजारों व्रती और उनके परिवारजन उगते सूर्य को अर्घ्य देने पहुंचे। अर्घ्य अर्पण के साथ ही चार दिवसीय छठ महापर्व विधि-विधानपूर्वक संपन्न हुआ।

छठ घाटों पर छठ मइया के गीतों की मधुर गूंज से पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया। श्रद्धालु “दर्शन देहु हे छठी मइया…”, “कांच ही बांस के बहंगिया…”, “छोटी-मोटी चौकिया हे सूरज देव…” जैसे पारंपरिक गीतों पर झूम उठे। शहर, उपनगर और ग्रामीण अंचलों में चारों ओर भक्ति और उत्साह का माहौल दिखाई दिया।

कोरबा में इन घाटों पर मना छठ पर्व

छठ पर्व के लिए विशेष रूप से सजे ढेंगुरनाला, सर्वमंगला मंदिर हसदेव नदी, तुलसी नगर घाट, मुड़ापार तालाब, शिव मंदिर (एसईसीएल), मानिकपुर पोखरी, बालको, दर्री, बांकीमोंगरा और गेवरा-दीपका के घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। अर्घ्य अर्पण के बाद श्रद्धालुओं ने आतिशबाजी कर खुशियाँ मनाईं।

इस अवसर पर अपूर्व आस्था, समर्पण और श्रद्धा का पावन संगम देखने को मिला। सूर्य षष्ठी का यह पर्व श्रद्धालुओं की गहरी आस्था का प्रतीक बन गया।

प्रसाद में लिया जीवनभर न खाने का संकल्प

व्रतियों ने छठी माता को विविध प्रकार के फलों का प्रसाद अर्पित किया। कई श्रद्धालुओं ने माता को अर्पित प्रसाद में से किसी एक फल को जीवनभर न खाने का संकल्प भी लिया — यह परंपरा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली के प्रतीक के रूप में निभाई जाती है।


पूजन सामग्री में नारियल, धूप, अगरबत्ती, घी के दीपक के साथ सेब, केला, संतरा, गन्ना, डाब, सीताफल, बेदाना, नींबू आदि फलों को शामिल किया गया। श्रद्धालुओं ने भगवान भास्कर को दूध, घी और दही से अर्घ्य देकर नमन किया।

कठिन तप और अनुशासन से जुड़ा पर्व

व्रती अनीता देवी ने बताया कि छठ पर्व जितना कठिन उपवास का पर्व है, उतना ही यह शुद्धता और आस्था का भी प्रतीक है। पूजा की प्रत्येक सामग्री और प्रक्रिया में पूर्ण पवित्रता रखनी पड़ती है। उन्होंने कहा, “जो संस्कार हमारे पूर्वजों से मिले हैं, हम उसे आगे बढ़ा रहे हैं।”


बालको निवासी सुमन सिंह ने बताया कि छठ पर्व की शुरुआत माता सीता ने की थी। रावण वध के पश्चात प्रभु श्रीराम के साथ अयोध्या लौटने पर माता सीता ने वंश की वृद्धि और दोष निवारण के लिए सूर्य उपासना का यह व्रत किया था। तभी से यह परंपरा निरंतर चली आ रही है।

36 घंटे का कठोर व्रत

व्रतियों को लगभग 36 घंटे तक निर्जला उपवास रखना पड़ता है। यह व्रत परिवार की मंगलकामना, स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए किया जाता है। उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पण के साथ ही पर्व संपन्न होता है और इसके बाद प्रसाद वितरण किया जाता है।


Share This Article