कोरबा, 27 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। राम नाम लेखन महायज्ञ समिति, जिला कोरबा की पहली विशाल बैठक रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर बुधवारी में हुई, जिसमें 368 राम भक्त शामिल हुए। कार्यक्रम की शुरुआत बालको की भजन टोली ने मधुर भजनों से की, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय बन गया।
मेदनी मिश्रा के राम नाम ध्यान से श्रद्धालुओं में ऊर्जा का संचार हुआ। बैठक में डॉ. विशाल उपाध्याय ने रामसिंह अग्रवाल को जिला अध्यक्ष और योगेश जैन को संयोजक घोषित किया। इस घोषणा का उपस्थित भक्तों ने तालियों से स्वागत किया।


नगर संघचालक अशोक तिवारी ने राम नाम लेखन के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह अभियान समाज में भक्ति और एकता का संदेश देगा। अध्यक्ष रामसिंह अग्रवाल ने सभी परिवारों से इस अभियान में भाग लेने की अपील की।
सह विभाग संघचालक किशोर बुटोलिया ने बताया कि नवंबर में गृह सम्पर्क अभियान के दौरान अक्षत के साथ निमंत्रण दिया जाएगा। 1 से 17 दिसंबर तक पुस्तिकाएं वितरित होंगी और 18 दिसंबर से 24 दिसंबर तक लेखन कार्य चलेगा। 25 दिसंबर को ग्रामों और बस्तियों में पुस्तिकाएं एकत्र कर राम खिचड़ी प्रसाद वितरण होगा, जबकि 28 दिसंबर को कोरबा में सामूहिक समर्पण कार्यक्रम होगा।
बैठक में जिला कार्यकारिणी और उपनगर संयोजकों की घोषणा की गई। समिति ने लक्ष्य रखा है कि जिले के कम से कम 1 लाख परिवार तीन पत्रिकाएं भरें, जिससे तीन अरब तैंतीस करोड़ राम नाम लेखन का ऐतिहासिक संकल्प पूरा हो सके।
प्रत्येक पत्रिका का शुल्क पांच रुपये रखा गया है। समिति ने सभी राम भक्तों से अधिक से अधिक पत्रिकाएं लेकर इस अभियान को सफल बनाने की अपील की।
“कोई घर न छूटे, कोई राम भक्त लेखन से न छूटे। मैं सर्वाधिक राम नाम लेखन करूंगा, मेरा परिवार सर्वाधिक राम नाम लेखन करेगा।”
जय श्रीराम।



