Vedant Samachar

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय हुए शामिल — स्व. बनवारी लाल अग्रवाल की पगड़ी रस्म में उमड़ा जनसैलाब

Vedant Samachar
2 Min Read

कोरबा,27अक्टूबर (वेदांत समाचार)। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व उपाध्यक्ष स्वर्गीय बनवारी लाल अग्रवाल की बारहवीं एवं पगड़ी रस्म के अवसर पर आज कोरबा में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर प्रदेश के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शामिल होकर स्व. अग्रवाल के प्रति श्रद्धासुमन अर्पित किए।

मुख्यमंत्री साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्व. बनवारी लाल अग्रवाल का जीवन समर्पण, सादगी और जनसेवा का प्रतीक रहा है। उन्होंने सदैव संगठन और समाज को प्राथमिकता दी। उनका मार्गदर्शन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा।

कार्यक्रम में प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, विधायक एवं वरिष्ठ भाजपा नेता धरमलाल कौशिक, भाजपा जिलाध्यक्ष गोपाल मोदी, प्रदेश प्रवक्ता हर्षिता पांडेय, प्रदेश मंत्री रितु चौरसिया, जिला संगठन प्रभारी गोपाल साहू, विधायक प्रेमचंद पटेल, महापौर संजू देवी राजपूत, पूर्व महापौर जोगेश लांबा, निवर्तमान जिलाध्यक्ष डॉ. राजीव सिंह, तथा युवा मोर्चा महामंत्री नरेंद्र देवांगन सहित पार्टी के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

कार्यक्रम स्थल पर जिलेभर से पहुंचे भाजपा कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं नागरिकों की भारी भीड़ ने स्व. अग्रवाल के प्रति अपनी गहरी श्रद्धा व्यक्त की। श्रद्धांजलि सभा के दौरान वातावरण भावुक हो उठा। उपस्थित जनसमूह ने उनके दिखाए मार्ग पर चलने और उनके आदर्शों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

ज्ञात हो कि स्व. बनवारी लाल अग्रवाल का निधन 15 अक्टूबर 2025 को हुआ था। उन्होंने लंबे समय तक जनसेवा और भाजपा संगठन को सशक्त बनाने में अपना अमूल्य योगदान दिया। उनके नेतृत्व और संगठनात्मक कुशलता के कारण वे पार्टी के प्रमुख मार्गदर्शकों में गिने जाते थे।

स्व. अग्रवाल का जीवन सादगी, समर्पण और सेवा का अनुपम उदाहरण रहा है। क्षेत्र के विकास और समाज के उत्थान में उनके योगदान को कोरबा सहित पूरे प्रदेश में लंबे समय तक श्रद्धा एवं सम्मान के साथ याद किया जाता रहेगा।

Share This Article