प्रदेश में आने लगीं शुष्क हवाएं, दो से तीन डिग्री गिरा पारा, ठंड में हुई बढ़ोतरी.

छत्‍तीसगढ़ प्रदेश में अब शुष्क हवाएं आनी शुरू हो गई हैं और इसके प्रभाव से बीते चौबीस घंटे में ही राजधानी रायपुर का न्यूनतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस गिर गया है। शनिवार को रायपुर का न्यूनतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो शुक्रवार की अपेक्षा दो डिग्री सेल्सियस कम है। वहीं प्रदेश में सर्वाधिक कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में में 12.5डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।शुक्रवार को जहां रायपुर समेत प्रदेश के विभिन्‍न स्थानों में बादल छाए रहे, वहीं शनिवार को मौसम शुष्क रहा और राजधानी रायपुर समेत प्रदेश भर में धूप निकली। शुष्क हवाओं के आने के कारण अब चुभने वाली धूप नहीं पड़ रही है। रात का पारा गिरने के कारण बीते दो दिनों से प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में ठंड की शुरुआत हो गई है।

आने वाले दिनों में ठंड और जोर पकड़ेगी। मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि रविवार सात नवंबर को भी प्रदेश के न्यूनतम तापमान में दो से तीन डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके बाद हालांकि न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं होगा।

अच्छी ठंड पड़ने की संभावना

मौसम विज्ञानियों का कहना है कि प्रदेश में इस साल काफी अच्छी ठंड पड़ने के संकेत हैं। नवंबर के पहले हफ्ते ही न्यूनतम तापमान में इतनी गिरावट आना इसका संकेत दे रहा है।

सजने लगे गर्म कपड़ों के स्टाल

अब ठंड की दस्तक शुरू होते ही राजधानी के विभिन्न क्षेत्रों में गर्म कपड़ों का स्टाल भी सजने लगा है। इसके साथ ही कपड़ा संस्थानों में भी गर्म कपड़ों की नई-नई रेंज आ गई है। इसके साथ ही गर्म कपड़ों पर भी अब आफरों का दौर शुरू होने वाला है। कुछ संस्थानों में तो 20 फीसद छूट का आफर शुरू हो गया है।

इस प्रकार न्यूनतम तापमान में गिरावट पांच नवंबर छह नवंबर

रायपुर 20.6 18.6

बिलासपुर 18.4 15.1

अंबिकापुर 13.5 12.5

पेंड्रा 13.5 13.0

जगदलपुर 19.0 18.5

दुर्ग 18.4 15.6