बिलासपुर, 26 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। कोटा थाना क्षेत्र के ग्राम शिवतराई में घरेलू विवाद के चलते पत्नी की हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। मामला चरित्र शंका से जुड़ा बताया जा रहा है।
घटना दिनांक 22 अक्टूबर 2025 की शाम की है, जब ग्राम शिवतराई निवासी राजेश कुमार मरावी (40 वर्ष) का अपनी पत्नी नांदबाई मरावी के साथ चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ। विवाद बढ़ने पर आरोपी ने आवेश में आकर अपनी पत्नी पर टंगिया से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
घायल महिला को तत्काल उपचार के लिए रायपुर स्थित डी.के.एस. अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहाँ उपचार के दौरान 25 अक्टूबर 2025 को उसकी मृत्यु हो गई।
इस मामले में मृतका के पिता रामचरण पोर्ते, निवासी शिवतराई, ने थाना कोटा में रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक दर्ज कर धारा 295, 351(1), 115(2) बी.एन.एस. के तहत अपराध पंजीबद्ध किया, जिसे विवेचना के दौरान धारा 103(1) बी.एन.एस. जोड़ा गया।
कोटा पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी राजेश कुमार मरावी पिता चैतराम मरावी, निवासी शिवतराई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त टंगिया और चाकू भी बरामद कर लिए हैं।
आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों में विश्वास और मजबूत हुआ है।



