Vedant Samachar

ग्राम जिवरी में करंट से महिला की मौत, जंगली सूअर के शिकार के लिए बिछाई गई थी बिजली की तार – तीन आरोपी गिरफ्तार

Vedant Samachar
3 Min Read

रायगढ़,26अक्टूबर (वेदांत समाचार) । रायगढ़ जिले के पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जिवरी में करंट लगने से एक महिला की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर गैर इरादतन हत्या के अपराध में न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

मामला 21 अक्टूबर की रात का है, जब ग्राम जिवरी निवासी घसनीन मांझी अपने गांव के ही एक व्यक्ति रामकुमार मांझी के साथ घर से बाहर निकली थी और वापस नहीं लौटी। परिजनों ने 23 अक्टूबर को थाना पूंजीपथरा में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू की और 25 अक्टूबर को घसनीन मांझी का शव ग्राम जिवरी बकियानार में दिलीप अग्रवाल के खेत के पास झुलसा हुआ पाया। मौके से जी.आई. तार और बांस का डंडा बरामद किया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह स्पष्ट हुआ कि महिला की मौत बिजली के करंट लगने से हुई थी।

जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि गांव के ही तीन व्यक्ति — किर्तन मांझी (40 वर्ष), बलीराम मांझी (45 वर्ष) और राजेश राठिया (28 वर्ष) — ने जंगली सूअर का शिकार करने के इरादे से खेत के ऊपर से गुजर रहे 11,000 वोल्ट के हाई वोल्टेज बिजली तार में हुकिंग कर खेत में जी.आई. तार बिछाई थी। इसी तार के संपर्क में आने से घसनीन मांझी की मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने घटना में लापरवाही और खतरनाक विद्युत जाल बिछाने की पुष्टि होने पर आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 236/2025 धारा 105, 3(5) बी.एन.एस. के तहत मामला दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार किया। आज 26 अक्टूबर को उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

इस कार्रवाई में पुलिस अधीक्षक दिव्यांग कुमार पटेल के निर्देशन एवं डीएसपी साइबर सेल श्री अनिल विश्वकर्म के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक राकेश मिश्रा, एसआई विजय एक्का, एएसआई जयराम सिदार और हमराह स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पूंजीपथरा पुलिस की त्वरित कार्रवाई से गांव में फैली सनसनी के बाद अब माहौल शांत बताया जा रहा है।

Share This Article