Vedant Samachar

ऑस्ट्रेलिया टीम की दो महिला क्रिकेटरों से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

Vedant Samachar
2 Min Read

इंदौर,25अक्टूबर । शहर के होलकर स्टेडियम में चल रहे महिला विश्व कप मैचों के दौरान एक शर्मनाक घटना सामने आई है। ऑस्ट्रेलिया टीम की दो महिला क्रिकेटरों के साथ बाइक सवार युवक द्वारा छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, दोनों खिलाड़ी रेडिसन होटल से करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित एक कैफे तक पैदल जा रही थीं। इसी दौरान एक बाइक सवार युवक ने पीछे से आकर उन्हें गलत तरीके से छुआ और भाग निकला। सहमी खिलाड़ियों ने तुरंत अपने सुरक्षा अधिकारी को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई और आसपास के छह थानों को अलर्ट किया गया।

राहगीर ने नोट किया बाइक नंबर, आरोपी तक पहुंची पुलिस
घटना के दौरान एक राहगीर ने आरोपी की बाइक का नंबर नोट कर लिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में आरोपी की पहचान हुई और दोनों महिला क्रिकेटरों ने भी उसकी पुष्टि की।

आरोपी की पहचान आजाद नगर निवासी अकील के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।

सुरक्षा में बड़ी चूक, बढ़ाई गई तैनाती
घटना के बाद होटल और स्टेडियम के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। अधिकारियों ने माना कि यह इंटेलिजेंस और सुरक्षा व्यवस्था की चूक थी, क्योंकि विदेशी खिलाड़ियों के ठहराव वाले इलाकों में पर्याप्त सुरक्षा मौजूद नहीं थी। इस मामले की जानकारी क्रिकेट बोर्ड और प्रशासन को भी दे दी गई है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि विदेशी खिलाड़ियों की सुरक्षा में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।

Share This Article