कोरबा,25अक्टूबर (वेदांत समाचार) । छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तत्कालीन उपसचिव सौम्या चौरसिया के बाद कोरबा जिले की एक और युवती ने इन दिनों पूरे देश में धूम मचा रखी है। सौम्या चौरसिया तो जेल से बेल तक की यात्रा पूरी कर प्रदेश बदर के दौर से गुजर रही है, लेकिन यह दूसरी युवती अभी रंगमंच पर ताजा ताजा पहुंची है और इसका क्या हश्र होगा? यह आने वाले कुछ दिनों में सामने आएगा।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल की तत्कालीन उपसचिव सौम्या चौरसिया का जब राज्य प्रशासनिक सेवा में चयन हुआ था, तब अपनी इस बेटी की उपलब्धि पर कोरबा के लोगों ने गौरव का अनुभव किया था। लेकिन भविष्य में आगे आकर अब कोरबा के लोग शर्मिंदगी महसूस करते हैं। सौम्या चौरसिया पर घपले घोटाले के गंभीर आरोप लगे हैं। ई डी और ई ओ डब्ल्यू ने उनकी जांच की। करीब डेढ़ साल तक जेल में रही। सशर्त जमानत मिली तो साथ में प्रदेश बदर का आदेश मिला। अब वे छत्तीसगढ़ से बाहर रहने के लिए मजबूर हैं। इस दौरान सौम्या के नाम की पूरे देश में धूम मची रही।

अब ऐसी ही धूम कोरबा जिले की एक अन्य युवती ने देश भर में मचा रखी है। दरअसल 2002 बैच के छत्तीसगढ़ कैडर के आई पी एस रतनलाल डांगी कांड में जिस युवती का नाम जुड़ा है, वह भी कोरबा की ही बेटी है। लेकिन इस पर सौम्या की तरह भ्रष्टाचार का नहीं, बल्कि ब्लैकमेलिंग का आरोप लगा है। युवती को लेकर अपुष्ट खबर यह भी है कि उसके आई जी रतन लाल डांगी से अनैतिक संबंध रहे हैं। दोनों के बीच सात साल तक यह रिश्ता कायम रहा। लेकिन अब रिश्ते में मिठास खत्म हो गई है और उसकी जगह खटास ने ले ली है। वह भी इतनी तेज खटास की पुलिस विभाग को दो सदस्यों की जांच टीम बनाकर मामले की जांच का आदेश देना पड़ा है।
ये भी पढ़ें : न्यू राजस्व कॉलोनी में दो मकानों से चोरी, सहायक लेखापाल और माइनिंग इंस्पेक्टर बने शिकार
बहरहाल आइए जानते हैं देश भर में चर्चा का विषय बनी इस युवती के बारे में। यह युवती कोरबा जिले के एक सभ्य परिवार में जन्मी थी। यह जब जवान हुई तो इसकी आशनाई पुलिस विभाग के जिले में ही पदस्थ एक सिपाही से हो गई। कसमों वादों का दौर चला। फिर एक दिन यह युवती अपने परिवार की इज्जत को सिक्के की तरह उछाल कर अपने प्रेमी के साथ भाग गई। दोनों ने कथित रूप से इंटरकास्ट मैरिज कर ली। इस बीच युवती के पिता ने पुलिस थाना में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। पुलिस की जांच शुरू हुई तो इस प्रेम प्रसंग का खुलासा हुआ।
अब स्थिति यह निर्मित हुई कि युवती की बरामदगी के बाद युवक पर अपहरण और अनाचार का अपराध दर्ज हो सकता है। तब युवती ने अपनी मर्जी से युवक के साथ जाने और उसके साथ बतौर पत्नी रहने की सूचना पुलिस को देने के साथ अपने पिता और परिजनों से स्वयं और अपने प्रेमी को प्रताड़ित करने और जान से मार दिए जाने का भय जताते हुए पुलिस में शिकायत कर दी। जैसा कि होता है, पुलिस ने अपने बिरादर का पक्ष लिया और थोड़ी कश्मकश के बाद मामला सेटल हो गया।

यह घटनाक्रम 2009-2010 का है। यह वही समय है, जब रतनलाल डांगी कोरबा में पुलिस अधीक्षक के पद पर पदस्थ थे। यह कहना कठिन है कि डांगी और युवती इसी अवधि में उलझन सुलझाने के दौरान संपर्क में आए थे या बाद में? बहरहाल, युवती का प्रेमी कालांतर में परीक्षा पास कर सिपाही से सब इंस्पेक्टर बन गया और वर्तमान में जांजगीर चांपा जिले में पदस्थ बताया जाता है। युवति ने आई जी डांगी पर सात साल तक शोषण करने का कथित आरोप लगाया है। उधर, आई जी डांगी ने उस पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। दोनों ने डी जी पी अरुणदेव गौतम से मामले की शिकायत की है। डी जी पी ने दो वरिष्ठ अधिकारियों जिनमें एक अधिकारी महिला है, की टीम गठित कर मामले की जांच का आदेश दिया है। जांच में क्या तथ्य सामने आते हैं.? यह अभी भविष्य के गर्भ में है। लेकिन कोरबा जिले की एक और युवती ने देश भर में धूम मचा दी है, इसमें कोई दो राय नहीं है और इस बात की पूरे प्रदेश में सरगर्म चर्चा है।




