सब्जी के कैरेट में छिपाकर ओडिशा से दुर्ग तक लाए गांजा, चार तस्कर गिरफ्तार

भिलाई 30 अक्टूबर ( वेदांत समाचार )  बहुत ही शातिराना तरीके से गांजा की खेप लेकर दुर्ग पहुंचे चार तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। चारों आरोपित सब्जी के कैरेट में 51 किलो गांजा छिपाकर ओडिशा से रसमड़ा तक ले आए। वे उसे रसमड़ा की एक कंंपनी में छोड़ने वाले थे।

लेकिन, उसके पहले ही वे पुलिस के हत्थे चढ़ गए। पुलिस ने चारों आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की है।

उल्लेखनीय है कि चार दिन पहले हुई राज्य स्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने गांजा और हुक्का बार के अवैध कारोबार पर पूर्णतः रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। सीएम के निर्देश के बाद से ही पुलिस एक्शन में है। दो दिन पहले पुलिस ने ट्विनसिटी के हुक्का बार में दबिश देकर कार्रवाई की थी।

इसके बाद पुलिस ने गांजा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई शुरू की है। सोमवार को पुलिस ने पानी टंकी दुर्गा मंदिर के पास हाउसिंग बोर्ड कोहका निवासी बादल सिंह उर्फ लल्लन सिंह (22), अटल आवास जामुल थाना के पीछे निवासी दीपक साहू (23), हाउसिंग बोर्ड कोहका निवासी शाकिब चौधरी (40) और ग्राम अनाइट थाना नवादा जिला भोजपुर बिहार निवासी वर्तमान में अटल आवास जामुल थाना के पीछे में रहने वाले अमित कुमार सिंह (35) को गांजा तस्करी के आरोप में गिरफ्तार किया है

चारों आरोपित एक बोलेरो पिकअप क्रमांक सीजी-07 सीए 7641 में 51 किलो गांजा लेकर ओडिशा से दुर्ग पहुंचे थे। आरोपितों ने गाड़ी में सब्जी के 53 नग कैरेट रखे थे। सबसे नीचे के सात कैरेट में उन्होंने 51 किलो गांजा छिपाकर रखा था।