जशपुर,20 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। दिवाली के दिन जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जिसने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी। सिटी कोतवाली क्षेत्र के बालाछापर में सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का जला हुआ शव बरामद किया गया है। शव इस कदर जला हुआ था कि उसकी पहचान कर पाना मुश्किल हो गया है।
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी। फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया है ताकि वैज्ञानिक तरीके से साक्ष्य जुटाए जा सकें।
बताया जा रहा है कि सुबह के समय कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने सड़क किनारे जला हुआ शव देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
फिलहाल मृतक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। इसके लिए पुलिस ने आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी रिपोर्टों की जांच शुरू की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर घटना के कारणों और आरोपी की तलाश में जांच तेज कर दी है।



