Vedant Samachar

शेयर बाजार बना रहा तेजी का रिकॉर्ड, दिवाली के दिन निवेशकों ने कमाए 3.34 लाख करोड़

Vedant Samachar
5 Min Read

भले ही दिवाली के दिन शेयर बाजार नॉर्मल डेज की तरह ओपन हुआ हो, लेकिन निवेशकों को रिटर्न गिफ्ट सोमवार को ही मिल गया है. रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयरों में ताबड़तोड़ तेजी के दम पर शेयर बाजार में अच्छी तेजी देखने को मिल रही है. जिसकी वजह से निवेशकों को 10 मिनट में 3.34 लाख करोड़ रुपए का फायदा हो गया. वैसे सेंसेक्स खुलने के 5 से 7 मिनट के अंदर 700 से ज्यादा अंकों की उछाल देखने को मिल चुका है. जबकि निफ्टी में करीब 220 अंकों की तेजी आ गई. जानकारों की मानें तो ​दूसरी तिमाही में कंपनियों की कमाई में उछाल देखने को मिला है. जिसकी वजह से शेयर बाजार में भी उछाल देखने को मिला है. वहीं दूसरी ओर रुपए में भी तेजी देखने को मिली है. जिसकी वजह से डॉलर के मुकाबले में भारत की करेंसी एक महीने के हाई पर पहुंच गई है. इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट देखने को मिल रहा है. जिसका असर शेयर बाजार में साफ देखने को मिल रहा है. आइए आपको भी बताते हैं कि आखिर शेयर बाजार में किस तरह के आंकड़े देखने को मिल रहा है.

सेंसेक्स निफ्टी में रफ्तार
सोमवार को शुरुआती कारोबार में प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में उछाल आया, जिसकी वजह रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक और विदेशी फंडों की खरीदारी रही. ग्लाबल मार्केट में तेज तेजी ने भी शुरुआती कारोबार में बाजार के उत्साह को बढ़ाया. 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 704.37 अंक बढ़कर 84,656.56 पर पहुंच गया. 50 शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 216.35 अंक बढ़कर 25,926.20 पर पहुंच गया. वैसे सुबह 10 बजे सेंसेक्स करीब 500 अंकों की तेजी के साथ 84,442.27 अंकों पर कारोबार कर रहा है. वहीं निफ्टी करीब 150 अंकों के इजाफे के साथ 25,855.65 अंकों पर कारोबार करता हुआ दिखाई दे रहा है.

रिलायंस और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में तेजी
सेंसेक्स की कंपनियों में से, रिलायंस इंडस्ट्रीज में 3 प्रतिशत से अधिक की बढ़त दर्ज की गई. वास्तव में कंपनी ने शुक्रवार को सितंबर तिमाही के लिए शुद्ध लाभ में साल-दर-साल 9.6 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की, जो उसके उपभोक्ता-केंद्रित खुदरा और दूरसंचार व्यवसायों में मजबूत प्रदर्शन और उसके मुख्य तेल-से-रसायन खंड में सुधार के कारण हुआ. एचडीएफसी बैंक के शेयर में 1.54 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई, क्योंकि कंपनी ने शनिवार को बताया कि सितंबर तिमाही में उसका समेकित शुद्ध लाभ 10 प्रतिशत बढ़कर 19,610.67 करोड़ रुपये हो गया. एक्सिस बैंक, कोटक महिंद्रा बैंक, इंफोसिस और बजाज फिनसर्व भी लाभ में रहे. हालांकि, आईसीआईसीआई बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, ट्रेंट और टाटा स्टील पिछड़ गए.

विदेशी बाजारों में भी बढ़त
एशियाई बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225 सूचकांक, शंघाई का एसएसई कंपोजिट सूचकांक और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे. अमेरिकी बाजार शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद हुए. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 308.98 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने भी उसी दिन 1,526.61 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे. वैश्विक तेल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड 0.36 प्रतिशत गिरकर 61.07 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया.

क्यों आई शेयर बाजार में तेजी?
जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वीके विजयकुमार ने कहा कि डीआईआई की निरंतर भारी खरीदारी, एफआईआई की मामूली खरीदारी, त्योहारों के दौरान ऑटोमोबाइल और घरेलू वस्तुओं की बिक्री में तेज़ी की खबरों से बाज़ार में आई तेज़ी और भी सकारात्मक खबरों के साथ जारी रहने की उम्मीद है. दूसरी तिमाही के शुरुआती नतीजों से आय में तेज़ सुधार के संकेत मिल रहे हैं. एचडीएफसी बैंक और आरआईएल के नतीजे ख़ास तौर पर प्रभावशाली हैं.” शुक्रवार को सेंसेक्स 484.53 अंक या 0.58 प्रतिशत बढ़कर 83,952.19 पर बंद हुआ. निफ्टी 124.55 अंक या 0.49 प्रतिशत चढ़कर 25,709.85 पर पहुंच गया. पिछले सप्ताह, बीएसई बेंचमार्क 1,451.37 अंक या 1.75 फीसदी उछला, और निफ्टी 424.5 अंक या 1.67 प्रतिशत बढ़ा.

Share This Article