Vedant Samachar

“ऑपरेशन उपहार” : एसपी विजय कुमार पाण्डेय की पहल से बच्चों और बुजुर्गों के चेहरों पर खिली मुस्कान

Vedant samachar
2 Min Read

  • धनतेरस और छोटी दीपावली पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने बाँटी खुशियाँ, बच्चों को गिटार, मिठाई और फटाखे किए भेंट

जांजगीर-चांपा, 19 अक्टूबर। धनतेरस और छोटी दीपावली के शुभ अवसर पर जांजगीर-चांपा पुलिस ने ‘‘ऑपरेशन उपहार’’ के तहत समाज में खुशियाँ बाँटने की प्रेरणादायक पहल की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में यह अभियान मानवता और संवेदना का अनूठा उदाहरण बन गया।

एसपी विजय कुमार पाण्डेय स्वयं शारदा चौक स्थित बालगृह पहुँचे, जहाँ उन्होंने बच्चों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें मिठाई और फटाखे भेंट किए। बच्चे पुलिस अधीक्षक को अपने बीच पाकर बेहद उत्साहित और प्रसन्न नजर आए। इस दौरान ‘‘ऑपरेशन उपहार’’ के अंतर्गत एक बच्चे को उसकी रुचि के अनुरूप गिटार भेंट किया गया, जिससे उसका चेहरा खुशी से खिल उठा।

बच्चों के बाद एसपी पाण्डेय ने वार्ड क्रमांक 02 जुनापारा, भांठापारा क्षेत्र के बड़े-बुजुर्गों और खोखरा वृद्धा आश्रम का भी दौरा किया। यहाँ उन्होंने बुजुर्गों से आत्मीय बातचीत कर उन्हें धनतेरस और दीपावली की हार्दिक शुभकामनाएँ दीं तथा मिठाई और फटाखे वितरित किए।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय ने कहा—

“समाज में प्रेम, अपनापन और आपसी सहयोग ही सच्ची खुशियों का आधार है। पुलिस केवल कानून-व्यवस्था बनाए रखने वाली संस्था नहीं, बल्कि समाज के हर वर्ग के साथ संवेदना और मानवता से जुड़ी हुई शक्ति है।”

‘‘ऑपरेशन उपहार’’ की इस पहल से न केवल बालगृह के बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लौटी, बल्कि वृद्धाश्रमों के बुजुर्ग भी भावुक हो उठे। यह अभियान समाज में मानवता, सौहार्द्र और सकारात्मक सोच का संदेश दे रहा है।

जांजगीर-चांपा पुलिस का यह प्रयास स्थानीय लोगों के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है, जो पुलिस की जनसंवेदनशील छवि को और मजबूत करता है।

Share This Article