पाकिस्तान की एयर स्ट्राइक में अफगानिस्तान के तीन उभरते हुए क्रिकेटर मारे गए थे। इसके बाद अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पाकिस्तान में नवंबर में होने जा रही त्रिकोणीय सीरीज रद्द करने की घोषणा कर दी। राशिद खान सहित सभी क्रिकेटरों ने इस हमले की निंदा की। इस बीच भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने भी अब पाकिस्तान को आड़े हाथों लिया है। बीसीसीआई ने अफगानिस्तान के तीन युवा क्रिकेटरों कबीर आघा, सिब्घतुल्लाह और हारून की दुखद मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है। बोर्ड ने अपनी वेबसाइट पर लिखा कि ये उभरते हुए खिलाड़ी पक्तिका प्रांत में हुए कायरतापूर्ण सीमा पार हवाई हमलों में मारे गए।
BCCI इस अत्यंत दुखद क्षण में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB), क्रिकेट जगत और दिवंगत खिलाड़ियों के परिवारों के साथ एकजुटता प्रकट करता है और इस निर्मम व अनुचित हमले की कड़ी निंदा करता है। निर्दोष लोगों, विशेषकर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की इस तरह की त्रासद मृत्यु अत्यंत पीड़ादायक और चिंता का विषय है। BCCI अफगानिस्तान की जनता के प्रति अपनी गहन संवेदनाएँ व्यक्त करता है और उनके दुःख व क्षति में पूरी तरह से सहभागी है।
ACB की प्रतिक्रिया – अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इस घटना की कड़ी निंदा करते हुए आगामी त्रिकोणीय T20I श्रृंखला से पाकिस्तान को बाहर करने का निर्णय लिया है। अफगानिस्तान के कप्तान राशिद खान ने इसे “अमानवीय और बर्बर कृत्य” बताया और पाकिस्तान की कड़ी आलोचना की।
आईसीसी के मुखिया जय शाह ने सोशल मीडिया पर लिखा कि तीन युवा अफगान क्रिकेटरों कबीर आघा, सिब्घतुल्लाह और हारून की दुखद मौत से गहरा दुख पहुंचा है, जिनके सपनों को एक निर्थक हिंसा ने समय से पहले ही तोड़ दिया। इतनी होनहार प्रतिभाओं की यह क्षति केवल अफगानिस्तान ही नहीं, बल्कि पूरे क्रिकेट जगत के लिए एक गहरी त्रासदी है। हम अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड और उन सभी लोगों के साथ पूरी एकजुटता के साथ खड़े हैं जो इस दिल तोड़ देने वाले नुकसान का शोक मना रहे हैं।
अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड द्वारा त्रिकोणीय सीरीज के लिए पाकिस्तान दौरा रद्द करने के बाद भी पीसीबी के ऊपर कोई असर नहीं पड़ा है। अफगान क्रिकेटरों की मौत के बाद भी पीसीबी की तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई बल्कि अफगानिस्तान को रिप्लेस करने के लिए दूसरी टीम से बातचीत चल रही है। ज़िम्बाब्वे को अफगानिस्तान की जगह पाकिस्तान में बुलाया जा सकता है। श्रीलंका और पाकिस्तान दो टीमें पहले से फिक्स हैं। देखना होगा कि राशिद खान पाकिस्तान सुपर लीग को लेकर क्या फैसला लेते हैं।



