सक्ती, 17 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। जिले के डभरा ब्लॉक में एंटी करप्शन ब्यूरो की टीम ने आज शुक्रवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर राजेंद्र कुमार पटेल को 15 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई बीएमओ कार्यालय के बाबू उमेश कुमार चंद्रा की शिकायत पर की गई।
वार्ड नंबर 12 डभरा निवासी उमेश कुमार चंद्रा, जो बीएमओ कार्यालय में बाबू के पद पर पदस्थ हैं, ने 6 अक्टूबर 2025 को एसीबी इकाई बिलासपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि यात्रा भत्ता बिल की राशि 81 हजार रुपए का भुगतान पहले ही किया जा चुका था, लेकिन बीएमओ राजेंद्र कुमार पटेल ने उसके एवज में 32,500 रुपए रिश्वत की मांग की थी। इसमें से 16,500 रुपए पहले ही दिए जा चुके थे और शेष 16,000 रुपए की और मांग की जा रही थी।
शिकायत की जांच के बाद एसीबी को आरोप सही पाए गए। इसके बाद टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय मोलभाव के अनुसार बीएमओ ने 15,000 रुपए रिश्वत लेने पर सहमति जताई। शुक्रवार को प्रार्थी को रकम लेकर भेजा गया और जैसे ही बीएमओ ने अपने कार्यालय में पैसे लिए, एसीबी की टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के दौरान एसीबी टीम ने आरोपी से रिश्वत की राशि 15,000 रुपए बरामद कर ली। आरोपी बीएमओ के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 7 के तहत मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।



