[metaslider id="114975"] [metaslider id="114976"]

एसएसपी बेमेतरा ने की अपराध समीक्षा बैठक, दीपावली पर्व पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

एसएसपी बेमेतरा ने की अपराध समीक्षा बैठक, दीपावली पर्व पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

बेमेतरा,17अक्टूबर (वेदांत समाचार) । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बेमेतरा रामकृष्ण साहू (भा.पु.से.) ने अपराध समीक्षा एवं आगामी दीपावली पर्व को ध्यान में रखते हुए जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना/चौकी प्रभारियों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक ली। बैठक में उन्होंने त्यौहारों के दौरान शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश दिए।

एसएसपी ने कहा कि दीपावली के दौरान पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगी। सराफा और मुख्य बाजार क्षेत्रों में पैदल पेट्रोलिंग की जाएगी और संदिग्ध व्यक्तियों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में भ्रमण कर स्थानीय नागरिकों से संवाद स्थापित करने, बीट स्तर पर नियमित निरीक्षण करने और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के निर्देश दिए।

उन्होंने व्यापारियों को दुकान के अंदर और बाहर सीसीटीवी कैमरे लगाने की समझाइश देने को कहा, ताकि किसी भी आपराधिक गतिविधि की पहचान तुरंत की जा सके। पटाखों की बिक्री प्रशासन द्वारा निर्धारित स्थानों पर ही की जाए और सभी सुरक्षा प्रबंध जैसे फायर ब्रिगेड, रेत, पानी, फोम और इलेक्ट्रीशियन की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

एसएसपी ने निर्देश दिए कि दीपावली पर्व के दौरान सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार के भड़काऊ या धार्मिक, राजनीतिक, सामाजिक द्वेष फैलाने वाले संदेशों को न फैलाया जाए। उन्होंने थाना प्रभारियों को निगरानी बदमाशों, गुंडा तत्वों, शराब पीकर हंगामा करने वालों तथा असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए भी विशेष रूप से निर्देश दिए। बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक में पारदर्शिता के लिए POS मशीनों का उपयोग कर संयुक्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में एसएसपी साहू ने नए आपराधिक कानूनों — भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम — के प्रभावी क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने समयबद्ध मामलों का शीघ्र निपटारा कर 60 से 90 दिनों के भीतर अभियोग पत्र न्यायालय में प्रस्तुत करने की बात कही। तलाशी और जब्ती के दौरान फोटोग्राफी व वीडियोग्राफी को अनिवार्य करने का निर्देश भी दिया गया।

इसके साथ ही, उन्होंने सायबर प्रहरी अभियान, त्रिनयन एप और सशक्त एप के माध्यम से हाईटेक पुलिसिंग को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर बल दिया। ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी, साइबर क्राइम और सोशल मीडिया के माध्यम से होने वाले अपराधों के प्रति आम जनता को जागरूक करने के निर्देश दिए गए।

एसएसपी ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को लंबित अपराध, मर्ग, गुम इंसान और शिकायतों के शीघ्र निराकरण के लिए कहा। उन्होंने कम्यूनिटी पुलिसिंग और मजबूत सूचना तंत्र विकसित करने के निर्देश देते हुए विजिबल पुलिसिंग और नाइट गश्त को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

महिलाओं और बच्चों से संबंधित अपराधों के शीघ्र निराकरण और “ऑपरेशन मुस्कान” के तहत गुमशुदा बच्चों की खोजबीन हेतु विशेष अभियान चलाने को कहा गया।

उन्होंने स्थाई वारंटों की तामिली, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, जिला बदर और बाउंड ओवर की कार्रवाई तेज करने के साथ-साथ ऑपरेशन ईगल अभियान चलाकर फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बेमेतरा श्रीमती ज्योति सिंह, डीएसपी श्री राजेश कुमार झा सहित जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारी उपस्थित रहे।

[metaslider id="133"]

Vedant Samachar