दुष्कर्म का आरोपित अस्पताल से भागा, दिल का दौरा पड़ने पर इलाज के लिए लाए थे

ग्वालियर.22 अक्टूबर (वेदांत समाचार)। जेएएच के कार्डियोलोडी से दुष्कर्म का आरोपित पुलिस को गच्चा देकर शुक्रवार की तड़के भाग निकला। छतरपुर जेल में विचाराधीन बंदी को दिल का दौरा पड़ने पर स्थानीय जिला पुलिस की निगरानी जेल प्रहरी उसे इलाज के लिए यहां लाए थे। आरोपित कोर्डियोलोजी में भर्ती था। बंदी की निगरानी के लिए दो थानेदार व दो जेल प्रहरी जेल गेट के बाहर पहरा दे रहे थे। बंदी को छतरपुर पुलिस के साथ कंपू थाना पुलिस भी तलाश कर रही है।

छतरपुर पुलिस ने दुष्कर्म के मामले में राधाचरण यादव को पकड़ा था। कोर्ट के आदेश से आरोपित को न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया था। राधाचरण को चार दिन पूर्व जेल में दिल का दौरा पड़ा। हालत गंभीर होने पर जिला चिकित्सालय से बंदी को जेएएच के लिए रैफर किया गया। आरोपित को दो थानेदारों की निगरानी में दो जेल प्रहरी बंदी को इलाज के लिए यहां लाए थे।

राधाचरण यादव को कोर्डियोलोजी भर्ती कराया गया था। आइसीयू में गंभीर मरीज होने के कारण पुलिस को बंदी के साथ अंदर रहने की इजाजत नहीं थी। इसलिए यह लोग बारी-बारी से गेट पर खड़े होकर निगरानी कर रहे थे। तड़के बंदी को अस्पताल के बिस्तर से गायब देखकर इनके होश उड़ गए। अस्ताल के टायलेट से लेकर पूरा जेएएच केंपस छान मारा बीमार बंदी का कुछ पता नहीं चला। मजबूरी में सुबह दोनों थानेदारों ने बंदी के भागने की सूचना अपने वरिष्ठ अधिकारियों की दी।

अस्पताल से भागे बंदी के खिलाफ कंपू थाने में प्रकरण दर्ज कराया। अब छतरपुर व कंपू थाने की संयुक्त टीम बंदी की तलाश कर रही है। जेएएच में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक कर पता लगा रही है कि बंदी किसी की मदद से तो नहीं भागा है।