Vedant Samachar

KCC लोन और जमीन रजिस्ट्री के नाम पर 70 लाख की ठगी, एक आरोपी गिरफ्तार…

Vedant Samachar
2 Min Read

जांजगीर-चांपा,15अक्टूबर (वेदांत समाचार) । जिले के चांपा थाना क्षेत्र से एक बड़ा ठगी का मामला सामने आया है, जहां घरेलू जान-पहचान का फायदा उठाकर एक व्यक्ति से करीब 70 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।

प्रार्थी राजकुमार शर्मा, निवासी सरवानी परसापाली, सारागांव ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि आरोपी बालेश्वर साहू और गौतम राठौर ने केसीसी लोन दिलाने का झांसा देकर एचडीएफसी बैंक में उनके नाम से खाता खुलवाया और उनकी जानकारी के बिना लाखों रुपये निकाल लिए।

इन आरोपियों ने न केवल प्रार्थी के, बल्कि उसकी पत्नी और मां के खातों से भी रुपये ट्रांसफर और आहरण कर कुल ₹42.78 लाख की ठगी की। इसके अलावा आरोपी गौतम राठौर और उसकी पत्नी शारदा राठौर ने एक और वारदात में फर्जी ज़मीन रजिस्ट्री के ज़रिए प्रार्थी से 30 लाख रुपये ऐंठ लिए। ज़मीन दिखाने और रजिस्ट्री कराने के बाद जब कब्जा लेने की बारी आई, तो पता चला कि ज़मीन किसी और की है।

दोनों मामलों में FIR दर्ज होने के बाद आरोपी फरार चल रहे थे, लेकिन पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गौतम राठौर को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया है, और उसके पास से ₹16,000 नकद भी ज़ब्त किया गया है।

अब पुलिस मामले में फर्जी दस्तावेजों की जांच कर रही है और अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

Share This Article