59 दिनों बाद सिम्सकर्मियों की हड़ताल खत्म, काम पर लौटे

बिलासपुर 20 अक्टूबर (वेदांत समाचार) 59 दिन बाद आखिरकार सिम्स कर्मचारियों की हड़ताल समाप्त हो गई है। नए डीन से हड़ताली कर्मचारी के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान डीन ने 15 दिनों के भीतर मांग पूरी करने का लिखित आश्वासन दिया है। इसके बाद सभी कर्मचारियों ने सिम्स पहुंचकर ज्वाइंनिंग दे दी है।

नए डीन डॉ. केके सहारे ने ज्वाइनिंग करने के साथ ही सिम्स की व्यवस्था सुधारने के काम में जुट गए हैं। बुधवार की दोपहर हड़ताली कर्मचारियों की एक टीम डीन से मुलाकात की। इस दौरान कर्मियों ने अपनी मांगों के संबंध में बताया। तब डीन डॉ. सहारे ने नियमितीकरण की मांग को जायज बताया।

इस दौरान कर्मचारियों ने मांग रखी कि यदि अगर लिखित में मांग पूरी करने का आश्वासन दिया जाता हैं तो हड़ताल को खत्म कर दिया जाएगा। ऐसे में डीन डॉ. सहारे ने 15 दिनों में मांग पूरी करने का लिखित आश्वासन दिया है। इसके बाद कर्मचारियों ने हड़ताल समाप्त करने का निर्णय लिया। इसके बाद सभी 316 कर्मचारी सिम्स तक रैली निकालकर पहुंचे और ज्वाइनिंग दी।

15 दिनों में मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में फिर हड़ताल

कर्मचारियों ने यह भी साफ किया है कि यदि 15 दिनों के भीतर वेतन बढ़ोतरी नहीं हुई तो सभी कर्मचारी फिर से हड़ताल पर चले जाएंगे। इसके बाद जब तक मांग पूरी नहीं की जाएगी। हड़ताल वापस नहीं ली जाएगी। हालांकि डीन ऐसी नौबत नहीं आने की बात कही है।