BREAKING NEWS:पत्नी-बेटी पीटती रही; रायगढ़ में घर के सामने साइकिल चलाने पर विवाद…

रायगढ़ ,07मार्च 2025 (वेदांत समाचार) : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ के एक कॉलोनी में साइकिल चलाने और हल्ला करने को लेकर दो पक्षों में विवाद के बाद मारपीट हो गई। इस दौरान पति अपनी पत्नी और बेटी को पीटने का तरीका बताता रहा। जिससे मां-बेटी ने दूसरे पक्ष की लड़कियों और महिलाओं को जमकर पीटा। घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है।

वहीं दूसरे पक्ष की महिलाओं ने भी लात घूंसे चलाए और महिला के सिर पर ईंट भी मारा। इससे वह गिर गई। बाद में दोनों पक्षों की रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध दर्ज किया है। घटना चक्रधर नगर थाना क्षेत्र की है।

पहले ये तीन तस्वीर देखिए-

ग्रीन सिटी काॅलोनी में रहने वाली जयश्री खेस ने बताया कि मंगलवार को उसकी बेटी शनाया जस्मीन खेस और उसकी दोस्त समृद्धि मठानी काॅलोनी में रहने वाले जगदीश गवेल के घर के पास साइकिल चला रहे थे। तभी जगदीश गवेल की बेटी गाली-गलौज कर उन्हें उस तरफ साइकिल चलाने से मना करने लगी।

इसके बाद दोनों फिर से वहीं साइकिल चला रहे थे, तो जगदीश गवेल और उसकी बेटी दिव्या उनके पास पहुंचे। हल्ला कर रहे हो कहकर जगदीश गवेल ने शनाया के बाल को पकड़कर धक्का मार दिया और उसकी साइकिल को रख लिया।

साइकिल मांगने पर कर दी पिटाई

इसके बाद शनाया अपनी सहेली के साथ घर आयी और अपनी मां जयश्री खेस को पूरी बात बताई। जयश्री खेस अपनी दोस्त आरती मठानी और अंजू शर्मा को लेकर जगदीश गवेल के घर पहुंची।

साइकिल मांगने पर जगदीश की पत्नी आरती गवेल और उसकी बेटी दिव्या ने फिर से गाली-गलौज शुरू कर दी। जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। आरती गवेल और दिव्या ने लात घूसों से जयश्री खेस की पिटाई कर दी।

जगदीश बता रहा था मारपीट का तरीका

जब बीच बचाव करने जयश्री की सहेली आरती मठानी आयी तो उसे भी लात मुक्कों से पीटा गया। इधर जगदीश गवेल गाली-गलौज करते हुए अपनी पत्नी और बेटी को मारपीट का तरीका बता रहा था। दोनों उसी तरह से उनकी जमकर पिटाई कर रहे थे।

घटना के बाद आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, तब कहीं मामला शांत हुआ। मारपीट से जयश्री और आरती को सिर, गर्दन और चेहरे में अंदरूनी चोट पहुंची है।

दूसरे पक्ष की महिला के सिर पर पत्थर से मारा

वहीं दूसरे पक्ष की आरती गवेल ने भी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि उसकी बेटी दिव्या गवेल की परीक्षा होने के कारण वह पढ़ रही थी। तभी शनाया और समृद्धि साइकिल चलाकर हल्ला कर रहे थे। उन्हें मना करने पर दोनों गाली-गलौज कर साइकिल वहीं छोड़कर चले गए।

बाद में शनाया और समृद्धि की मां आरती मठानी और जयश्री खेस वहां पहुंचे और गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। फिर मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरती मठानी ने आरती गवेल के सिर पर पत्थर से मार दिया। इससे वह जमीन पर गिर गई।

मारपीट से कपड़े भी फाड़ दिए

आरती गवेल ने रिपोर्ट में बताया कि मारपीट से उसके कपड़े भी फट गए। उसे हाथ, कमर में चोट आई है। इसके बाद आरती का पति उसे इलाज के लिए अस्पताल ले गया।

जब वे वापस लौटे, तो रात में गौरव मठानी, आरती मठानी, जयश्री खेस और विशाल मठानी गाली-गलौज करते हुए लाठी, डंडा से हमला कर दिया और कार का शीशा भी तोड़ दिया। साथ ही आरती गवेल के पति जगदीश गवेल और उसकी बेटी दिव्या गवेल का गला भी दबाया गया। बाद में आसपास के लोगों ने दोनों पक्षों को शांत कराया।

दोनों पक्षों के खिलाफ FIR दर्ज

इस संबंध में चक्रधर नगर थाना प्रभारी प्रशांत राव आहेर ने बताया कि ग्रीन सिटी में दो पक्षों के बीच मारपीट की घटना हुई है। दोनों पक्षों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। जयश्री खेस की रिपोर्ट पर जगदीश गवेल, आरती गवेल और बेटी दिव्या गवेल के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS के तहत अपराध कायम किया गया है।

वहीं आरती गवेल की रिपोर्ट पर गौरव मठानी, आरती मठानी, जयश्री खेस, विशाल मठानी के खिलाफ धारा 115(2)-BNS, 296-BNS, 3(5)-BNS, 324(4)-BNS, 351(2)-BNS के तहत अपराध दर्ज कर मामले को विवेचना में लिया है।