यूपी,13अक्टूबर । झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र में सोमवार महेबा-टहरौली सड़क पर ध्वानी पुल के पास सड़क किनारे निबाड़ी (मध्य प्रदेश) के ढिमरपुरा के सरपंच का शव मिलने से सनसनी फैल गई। सिर पर गहरी चोट के निशान होने से परिजनों ने रंजिशन हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पड़ोसी राज्य मध्य प्रदेश के जिला निबाड़ी के थाना कुडार के ढिमरपुरा निवासी संजीव केवट (उम्र 38 वर्ष) बेटा प्रकाश केवट गांव के सरपंच थे।
रविवार की रात वह अपने चचेरे भाई बिहारी लाल और सतीश केवट के साथ झांसी आए थे। रास्ते में एक होटल में खाना खाया। फिर तीनों घर को रवाना हुए। जल्दबाजी में होटल में संजीव का मोबाइल छूट गया। वह दोनों भाईयों को चिरगांव के ध्वानी पुल के पास छोड़कर अकेले मोबाइल लेने होटल आ रहे थे। इसके बाद नहीं पहुंचे। आधी रात के बाद जब काफी देर हो गई तो भाइयों को चिंता हुई। उन्होंने उनकी तलाश की। सोमवार तड़के उनका शव पुल से करीब से एक किलोमीटर दूर सड़क किनारे पड़ा था। उनके सिर पर गंभीर चोट के निशान थे। खून बह रहा था। यह देख दोनों भाइयों में चीख-पुकार मच गई।
खबर पाकर मौके पर पहुंचे अन्य परिवारीजन फूट-फूटकर रो पड़े। उन्होंने रंजिशन हत्या का आरोप लगाया है। बताया, वजनी चीज से हमला कर हत्या की गई है। सूचना पर कस्बा इंचार्ज मुनेंद्र मिश्रा, उप निरीक्षक ओमकार सिंह, अजमत उल्ला ने पुलिस बल के साथ मौका-मुआयाना किया। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हालांकि पुलिस हादसा मान रही है। बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। अगर कोई शिकायत आती है तो अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।



