सोने और चांदी (Gold-Silver Price) की कीमतों में सोमवार को रिकॉर्ड तेजी देखने को मिली। वायदा बाजार में गोल्ड और सिल्वर के दाम नए लेवल पर पहुंच गए हैं। आंकड़ों के अनुसार सोने में 2,300 रुपए से अधिक की बढ़ोतरी हुई है, जबकि चांदी के दाम में 5,800 रुपए से ज्यादा की तेजी दर्ज की गई है। शुक्रवार को दोनों धातुओं के भाव 52 हफ्तों के उच्च स्तर से नीचे आ गए थे।
इस साल सोने की कीमत में 61 फीसदी और चांदी में करीब 75 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। विशेषज्ञों के अनुसार कीमतों में तेजी का प्रमुख कारण सप्लाई में कमी और अमेरिका-चीन के बीच बढ़ते व्यापार तनाव हैं। निवेशक अब सुरक्षित विकल्प के रूप में सोने और चांदी की ओर रुख कर रहे हैं।
सोने और चांदी की ताजा कीमतें
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार सुबह 10 बजे सोने का दाम 1,23,325 रुपए प्रति दस ग्राम था। कारोबारी सत्र के दौरान सोने की कीमत 1,23,680 रुपए प्रति दस ग्राम तक पहुंच गई। शुक्रवार को सोने का भाव 1,21,364 रुपए प्रति दस ग्राम था।
चांदी के दाम सुबह 10 बजे 1,51,606 रुपए प्रति किलोग्राम थे। सत्र के दौरान चांदी का दाम 1,52,322 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुँच गया। शुक्रवार को चांदी 1,46,466 रुपए प्रति किलोग्राम पर थी।
विशेषज्ञों की राय
मार्केट एक्सपर्ट के मुताबिक, सोने और चांदी की तेजी के पीछे अमेरिका और चीन के बीच ट्रेड वॉर प्रमुख कारण है। निवेशक सुरक्षित विकल्प की ओर रुख कर रहे हैं। इसके अलावा फिजिकल सप्लाई में कमी भी कीमतों को ऊपर धकेल रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में सोने का दाम 1,30,000 रुपए और चांदी का दाम 1,55,000 रुपए तक पहुंच सकता है।



