नहाने गईं दो बच्चियां तालाब में डूबीं, मौत

बिलासपुर। 17 अक्टूबर (वेदांत समाचार) बिल्हा क्षेत्र के बिटकुली में दो बच्चियां नहाने के दौरान तालाब के गहरे पानी में चली गईं। इस बीच उनके साथ नहा रही सहेलियों ने शोर मचाया। आसपास कोई नहीं होने से बच्चियों ने बस्ती में आकर इसकी जानकारी दी। लोग गहरे पानी में डूबी बच्चियों को जब तक निकालते तब तक उनकी मौत हो गई थी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है।

बिल्हा क्षेत्र के बिटकुली निवासी सुहाना कुर्रे(11) व गुंजल पात्रे(10) शुक्रवार की सुबह तालाब में नहाने के लिए गईं थी। उनके साथ सात-आठ अन्य बालिकाएं भी थीं। सभी एक साथ तालाब में नहा रही थीं। इसी बीच सुहाना और गुंजल गहरे पानी में चली गईं। तालाब के गहरे पानी में दोनों डूबने लगी। इसे देख उनकी सहेलियों ने शोर मचाया। इस दौरान आसपास कोई मौजूद नहीं था। इसके कारण बच्चियां भागकर बस्ती की ओर आई।

उन्होंने सुहाना और गुंजल के घर में इसकी जानकारी दी। साथ ही गांव वालों को भी इस संबंध में बताया। दो बच्चियों के गहरे पानी में डूबने की जानकारी पर गांव के लोग तालाब की ओर भागे। तालाब में उतरकर गांव वालों ने बच्चियों की तलाश शुरू कर दीं। थोड़ी ही देर में दोनों को निकाल लिया गया। इसके बाद दोनों को बाइक में लेकर बिल्हा अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर इसकी सूचना पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया है। इसके बाद शव स्वजन को सौंप दिया। पुलिस ने मृतक के स्वजन से पूछताछ की है।