Vedant Samachar

फिलीपींस में 7.6 तीव्रता का भूकंप, सुनामी की चेतावनी जारी; इंडोनेशिया-पलाऊ तक घातक लहरों का खतरा

Vedant Samachar
2 Min Read

मनीला । फिलीपींस में शुक्रवार सुबह भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। बताया गया है कि भूकंप की तीव्रता 7.6 रही। इसके बाद अधिकारियों ने सुनामी की चेतावनी जारी कर दी। साथ ही नागरिकों को ऑफ्टरशॉक्स के लिए तैयार रहने को कहा है। 

फिलीपींस इंस्टीट्यूट ऑफ वोल्कैनोलॉजी एंड सीस्मोलॉजी के मुताबिक, भूकंप का केंद्र फिलीपींस के तटीय क्षेत्र में स्थित दवाओ ओरियंटल प्रांत के मनय टाउन से 62 किलोमीटर दूर समुद्र में रहा। यह भूकंप जमीन से 10 किलोमीटर नीचे फॉल्ट लाइन पर आया है। 

संस्थान ने तटीय इलाकों, केंद्रीय और दक्षिण फिलीपींस में लोगों को तत्काल ऊंचाई पर स्थित जगहों या अंदरूनी क्षेत्रों में जाने के लिए कहा है। बताया जा रहा है कि इन झटकों के बाद फिलीपींस में अगले दो घंटों में तीन मीटर से ऊंची लहरें आ सकती हैं। इसके अलावा इंडोनेशिया से पलाऊ तक भी ऊंची लहरें उठने का अनुमान है।

30 सितंबर को आए भूकंप में गई थी 74 लोगों की जान
गौरतलब है कि फिलीपींस में इसी साल 30 सितंबर को 6.9 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। इसमें कम से कम 74 लोगों की मौत हुई थी और हजारों लोग विस्थापित हुए थे। सेबू प्रांत इस भूकंप से सबसे ज्यादा प्रभावित हुआ था। यहां का बोगो शहर और इसके आसपास के कस्बों में भारी तबाही दर्ज हुई थी।

फिलीपींस को दुनिया के सबसे ज्यादा आपदाग्रस्त देशों में से गिना जाता है। यहां भूकंप और ज्वालामुखी फटने की घटनाएं काफी आम हैं। दरअसल, यह देश प्रशांत महासागर में पड़ने वाले रिंग ऑफ फायर में आता है, जहां दुनिया के सबसे ज्यादा फॉल्ट लाइन्स मौजूद हैं। यहां हर साल 20 चक्रवाती तूफान आते हैं।

फिलहाल फिलीपींस में इन झटकों से किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। उधर होनालुलू में प्रशांत सुनामी चेतावनी केंद्र ने कहा कि भूकंप से 300 किलोमीटर दूर तक सुनामी की खतरनाक लहरें उठने की आशंका है। 

Share This Article